अवैध धंधा: नहीं रुक रही रेत और गोवंश की तस्करी

  • सरकार को लग रही करोड़ों की चपत
  • गुप्त रास्ते से शहर में प्रवेश कर रहे वाहन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में रेत और गोवंश तस्करी रुकने का नाम ले रही है। पुलिस द्वारा शिकंजा कसने के बाद भी अवैध कारोबार फलफूल रहे हैं। इससे सरकार को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हो रहा है। सूत्रों के अनुसार कुछ ऐसे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हैं, जो इस अवैध कारोबार को संरक्षण प्रदान कर रहे हैं। कुछ रेत माफिया बिना किसी रॉयल्टी के चोरी की रेत का अवैध परिवहन कर नागपुर शहर में ला रहे हैं।

चौकी बंद, डर खत्म : सूत्रों के अनुसार रेत तस्कर पवनी, भंडारा आदि जगहों से रेत चुराने के वाहनों को भिवापुर, उमरेड रोड, कुही, रामटेक, कन्हान, कामठी के रास्ते नागपुर लाते हैं। उमरेड रोड से होते हुए वाहन हुड़केश्वर क्षेत्र से होकर शहर में दाखिल होते हैं। पहले उमरेड रोड पर शहर की पुलिस चौकी बनी थी, इसे बंद करने से रेत माफियाओं के दिल से डर खत्म हो गया है। रामटेक और कन्हान के रास्ते आने वाले रेत, कोयले, गोवंश से लदे ट्रकों को कामठी के गुप्त मार्ग से अंदर आने की उन्हें कीमत चुकानी पड़ती है।

‘कलेक्टर’ की भूमिका निभा रहे : चर्चा है कि इन दिनों कामठी क्षेत्र के कुछ गुप्त रास्ते से कोयले, रेत और गोवंश से लदे ट्रकों को शहर के अंदर आने देने के लिए नसीम, राहुल, अनूप, रोशन, शैलेश सहित कई ऐसे पुलिसकर्मियों के नाम हैं, जो मददगार बने हुए हैं। अनूप, रोशन तो बकायदा -"कलेक्टर' की भूमिका निभा रहे हैं। दानिश, उत्तम, बोरकर, उइके सहित कई अवैध धंधे में लिप्त हैं। वर्तमान में मौदा रोड पर ग्रामीण पुलिस की नाकाबंदी के चलते अवैध धंधे वालों ने रास्ता बदल लिया है। पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार अवैध धंधों को रोकने के लिए हर रोज नई रणनीति के साथ काम करने की बात कहते हैं, लेकिन अवैध धंधों पर रोक नहीं लग रही है।

राजस्व विभाग की भूमिका पर सवाल :चर्चा है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते रेत तस्कर बेखौफ होकर अपना काम कर रहे हैं। इससे सरकारी राजस्व को चपत लग रही है। पवनी से रात के समय चोरी की रेत बिना किसी रॉयल्टी के नागपुर लाई जा रही है। इनकी संख्या 100 वाहनों के आस-पास है। इसस शहर व ग्रामीण क्षेत्र की संबंधित पुलिस, राजस्व, तहसीलदार कार्यालय, एचडीओ आदि विभाग के अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। भिवापुर के थानेदार जयपाल सिंह गिरासे का तबादला कर उनकी जगह प्रमोद चौधरी को नियुक्त किया गया है। जानकारी के अनुसार बोरी, देवलापार, कन्हान और केलवद के कुछ अधिकारियों पर तबादले की गाज गिरी है।

Created On :   30 Nov 2023 7:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story