New Delhi News: बिरला ने कहा - लोकसभा में मानसून सत्र के दौरान 37 घंटे ही हुआ कामकाज

- लोकसभा में कुल 37 घंटे ही कामकाज हो सका
- बाकी समय हंगामे की भेंट चढ़ गया
New Delhi News. संसद के मानसून सत्र में लोकसभा में कुल 37 घंटे ही कामकाज हो सका और बाकी समय हंगामे की भेंट चढ़ गया। इस सत्र के दौरान लोकसभा में 14 सरकारी विधेयक पुरःस्थापित किए गए और 12 विधेयक पारित हुए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की। इससे पहले उन्होंने सदन में हुए कामकाज का ब्यौरा पेश किया। बिरला ने बताया कि 21 जुलाई को मानसून सत्र की शुरुआत हुई। सत्र के दौरान 29 और 29 जुलाई को ‘आपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा हुई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चर्चा का जवाब दिया। इसी सत्र में18 अगस्त, 2025 को भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों पर विशेष चर्चा आरंभ की गई।
बिरला ने हंगामें के कारण प्रश्नकाल की कार्यवाही सुचारू ढंग से न चल पाने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह चिंतनीय विषय है कि इस सत्र की कार्यसूची में 419 तारांकित प्रश्न शामिल किए गए थे, किंतु लगातार नियोजित व्यवधान के कारण केवल 55 प्रश्न ही मौखिक उत्तर हेतु लिए जा सके। उन्होंने कहा कि सत्र के प्रारंभ में सभी ने तय किया था कि हम इस सत्र में 120 घंटे चर्चा और संवाद करेंगे। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी में भी इस पर सहमति थी। लेकिन लगातार गतिरोध व नियोजित व्यवधान के कारण हम मुश्किल से 37 घंटे ही इस सत्र में काम कर पाए।
Created On :   21 Aug 2025 6:03 PM IST