अयोध्या दीपोत्सव LIVE: अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने की रामलला की पूजा

अयोध्या दीपोत्सव LIVE: अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने की रामलला की पूजा
हाईलाइट
  • 3 दिन तक मनाया जाएगा दीपोत्सव
  • 492 साल बाद तीन दिवसीय भव्य दीपोत्सव
  • मंदिर​ निर्माण शुरू के बाद पहला दीपोत्सव

डिजिटल डेस्क, अयोध्या। दीपावली के त्योहार की धूम पूरे देश में है वहीं भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या में भी आज भव्य दीपोत्सव मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंच गए हैं। यहां पर उन्होंने राम जन्मभूमि में रामलला की पूजा की। इस दौरान उनके साथ यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहीं। 

बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का कार्य शुरू होने के बाद यह पहला दीपोत्सव है, जो 3 दिन तक मनाया जाएगा। तीन दिवसीय दीपोत्सव का यह सपना पूरे 492 साल पूरा होने जा रहा है। इस कार्यक्रम को लेकर खासी तैयारियां की गई हैं। 

5 लाख 50 हजार दीपक
सीएम योगी के नेतृत्व में राम की नगरी अयोध्या में छोटी दीपावली के मौके पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान राम की पैड़ी के घाटों पर एक साथ 5 लाख 50 हजार से अधिक दीपक जलाकर नया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बनेगा। 

राम की पैड़ी का नजारा
दीपोत्सव पर राम की पैड़ी का नजारा दिव्य और भव्य होगा। राम की पैड़ी के श्रृंगार का कार्य अंतिम चरण में है। इस भव्य दीपोत्सव में इस बार प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों में यूपी की विरासत, संस्कृति, प्रेम और अनेकता में एकता की झलक नजर आएगी। 

रंग-बिरंगे वस्त्रों में झांकी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए न सिर्फ अयोध्यावासी, बल्कि विश्वभर के लोग यूपी की जनतातियों की संस्कृति व विरासत से रूबरू होंगे। अयोध्या के भव्य स्वरूप को अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने आज कलाकारों ने रंग-बिरंगे वस्त्रों में झांकी निकाली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए कलाकार कोरोना से लेकर मिशन शक्ति से जुड़े सामाजिक संदेश लोगों को देते नजर आएंगे। इस बार कोरोना के चलते कलाकारों को कोविड गाइडलाइन का पूरा पालन करना है। मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी 300 कलाकार दीपोत्सव अयोध्या-2020 के मास्क पहने हुए नजर आएंगे।

 

  

Created On :   13 Nov 2020 10:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story