दिल्ली से फ्लाइट से आए और दो दिनों में 7 घरों में की 10 लाख की चोरी

Came from Delhi by flight and stole 10 lakhs in 7 houses in two days
दिल्ली से फ्लाइट से आए और दो दिनों में 7 घरों में की 10 लाख की चोरी
लौटते समय शिकंजा दिल्ली से फ्लाइट से आए और दो दिनों में 7 घरों में की 10 लाख की चोरी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिल्ली से फ्लाइट के जरिए मुंबई पहुंचकर बंद घरों की रेकी के बाद दो दिनों में सात घरों से लाखों रुपए के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो रहे तीन आरोपियों को मुंबई की मालाड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मालाड इलाके के एक घर से 1 लाख 87 हजार रुपए का सामान चोरी किया था। लेकिन जब आरोपियों को रेलवे पुलिस की मदद से राजधानी एक्सप्रेस में दबोचा गया तो उनके पास से 10 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के गहने मिले। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने मुंबई और ठाणे में दो दिनों में पांच घरों में चोरी की है। आरोपियों के दो साथी फ्लाइट से भागे थे फिलहाल पुलिस उन्हें भी तलाश रही है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों के नाम निजाम शेख, अक्सर शेख और अनवर शेख हैं। सीनियर इंस्पेक्टर रविंद्र अडाणे ने बताया कि पकड़े गए आरोपी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के रहने वाले हैं। वे महाराष्ट्र के साथ दिल्ली, गुजरात, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में चोरी की 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आरोपी जहां जाते हैं वहां बंद घरों की रेकी करते थे और सिर्फ 10 मिनट में आसपास के घरों को बाहर से बंद कर ताला तोड़कर कीमती सामान लेकर चंपत हो जाते हैं। 

ऐसे पकड़े गए आरोपी

चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी खंगाले जिससे पता चला कि 5 आरोपी कुर्ला परिसर में एक लॉज में ठहरे थे। दो दिनों में सात चोरियों के बाद दो आरोपी हवाई जहाज से वापस लौट गए जबकि सीसीटीवी की जांच से खुलासा हुआ की तीन आरोपियों ने मुंबई सेंट्रल जाकर राजधानी एक्सप्रेस पकड़ी है। इसके बाद राजधानी एक्सप्रेस में मौजूद एक रेल कर्मचारी से पुलिस ने संपर्क कर आरोपियों की तस्वीर भेजी और उसने इस बात की पुष्टि की कि आरोपी ट्रेन में ही हैं। इसके बाद रेलवे पुलिस की मदद से आरोपियों को उस वक्त दबोच लिया गया जब ट्रेन मध्य प्रदेश के रतलाम पहुंची थी। मुंबई पुलिस की टीम रतलाम पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार कर मुंबई लाई कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 19 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
 

Created On :   17 Jan 2023 10:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story