गुलाल व रंगों की बौछार में मना उत्सव, फागुनी गीतों पर नाचे युवा-बुजुर्ग

Celebration of festival in splash of gulal and colours, youth and elders dancing on Faguni songs
गुलाल व रंगों की बौछार में मना उत्सव, फागुनी गीतों पर नाचे युवा-बुजुर्ग
प्रेम का प्रतीक है धुलिवंदन अबीर गुलाल व रंगों की बौछार में मना उत्सव, फागुनी गीतों पर नाचे युवा-बुजुर्ग

डिजिटल डेस्क, कामठी/कन्हान. होली पर्व को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह रहा। गुरुवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक, निजी रूप से कई जगहों पर अर्धरात्रि पश्चात होलिका दहन किया गया। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी में होली के जश्न का खुमार देखते ही बन रहा था। सुबह से ही आकर्षक पिचकारियों, मुखौटों के साथ बच्चों तथा युवाओं की टोली चौराहों, गली, मोहल्लों में रंगो में सराबोर होते देखे गए। पर्व के मद्देनजर शहर में पुलिस विभाग की चप्पे-चप्पे पर नाकाबंदी रही। पुलिस की चेतावनी अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों पर साफ दिखाई दे रही थी। होलिका दहन पर घर में बनाए गए व्यंजनों का रंगोत्सव पर सुबह से लेकर शाम तक लोगों ने परिजनों के साथ लुत्फ उठाया। होली उत्सव पर अपने बुजुर्गों, परिजनों, ईष्टमित्रों का आशीर्वाद व गले मिलकर बधाई देते दिखाई दिए। होलिका दहन तथा रंगोत्सव पर्व शांतिपूर्वक निपटने से शहर पुलिस ने राहत की सांस ली। 
 

डीजे, डफली की ताल पर फागुनी

चंग के गीतों पर नाचे युवा-बुजुर्ग

लोगों में होली का उत्सव व जोश और उमंग अपनी चरमसीमा पर देखा गया। होली के पांच दिन पूर्व ही आनंद फागुनी, चंग के गीतों का शुभारंभ हो जाता है। इसका मंदिरों तथा चंग कार्यक्रम का आयोजन करने वालों के निवास स्थानों में फागुनी, चंग के गीतों का आनंद उठाने शहर के कोने-कोने से लोग पहंुचते हैं। फागुनी, चंग गीतों का डीजे तथा डफली की ताल पर नगर भ्रमण हेतु गुरुवार की रात लाल ओली चौक से निकाली गई। इसमें सैकडों की संख्या में युवा तथा बुजुर्गों का समावेश रहा। डीजे और गीतों की ताल पर लोग नृत्य कर रहे थे। जगह-जगह पुष्पवर्षा, शीतपेय, अल्पोहार का वितरण किया गया। घरों-घरों में रंगोत्सव और होलिका दहन की पूजा-अर्चना लोगों के उत्साह को दोगुना कर रहे थे।

मनाई पर्यावरण पूर्वक इको-फ्रेंडली होली

कलमेश्वर तहसील के नगर व ग्रामीण क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली उत्साह, जोश व उमग के साथ ही शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। शहर में लोगों ने पर्यावरणपूरक इको-फ्रंेडली होली मनाते हुए रंग की बजाए गुलाल से होली मनाई। सभी वर्ग के लोग एक- दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दे रहे थे। डॉ. राजीव पोतदार, समाजसेवक सरजू मंडपे, महादेवराव इखार, प्रकाश वरुलकर, पराग, धनराज देवके, अशोक बंड, केशरवानी गुरुजी, गिरीश यादव, चंद्रशेखर श्रीखंडे, भूषण लखानी सहित बड़ी संख्या में युवावर्ग होली के जश्न में रंगे नजर आए। पर्व पर शांति व सुव्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से तगड़ा बंदोबस्त रहा।

दिन चढ़ने के साथ माहौल में घुली मस्ती  

होलिका दहन व रंगोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों मेंं खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही सोशल मीडिया पर शुभकामना संदेशों का आदान-प्रदान शुरू हो गया  था। दिन चढ़ने के साथ ही माहौल में मस्ती घुलने लगी। अधिकतर घरों में होली की शुरुआत भगवान को रंग लगाकर हुई।बच्चों के लिए होली का त्योहार ज्यादा ही खास होता है। सुबह से ही पिचकारियों में रंग भरकर अपने  दादा-दादी, नाना-नानी को रंग दिया। वहीं युवावर्ग ने अपनी-अपनी टोली के साथ एक-दूसरे पर अबीर, गुलाल  तथा रंग उड़ाकर  रंगोत्सव  मनाया। वहीं ज्यादात्तर घरों में चना, ठंडाई, गुजिया जैसे पकवानों का लुत्फ उठाया गया। पुलिस विभाग के आला  अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर स्थानीय पुलिस द्वारा हुड़दंगियों तथा अवैध शराब विक्रेताओं पर पहले से ही नकेल कसी गई। पर्व के दौरान पुलिस विभाग का तगड़ा बंदोबस्त बना रहा। 

रंग व गुलाल से मनाया होली का जश्न 

कोरोना संक्रमण का प्रभाव कम होने के बाद सार्वजनिक रूप से त्योहार मनाने की छूट के बाद होली का जश्न बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। फागुन पूर्णिमा के दिन शाम को पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया। कोरोना संक्रमण से निजात व परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की गई। वहीं धुलीवंदन के दिन सारे गांव मे गली-गली मंे बच्चों व युवक- युवतियों ने रंग व गुलाल से होली का जश्न मनाया।

 
काटोल में गुलाल व फूलों के साथ मनाया रंगोत्सव

धुलीवंदन पर्व पर काटोल नगर  व ग्रामीण क्षेत्र में खासा उत्साह नजर आया। इस वर्ष पर्यावरणपूरक होली का संदेश देते हुए गुलाल व फूलों से होली का पर्व मनाया गया। वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्गों मंे काफी उत्साह बना हुआ था। सुबह से ही बच्चे पिचकारियों में रंग भरकर एक-दूसरे पर कलर उड़ाते नजर आए। वहीं युवा वर्ग ने डीजे की ताल पर धिरकते हुए पर्व का आनंद लिया। पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टालने के मद्देनजर पुलिस विभाग की ओर से मुख्य मार्ग व प्रमुख चौराहों पर तगड़ा बंदोबस्त लगाया गया था।

महिला पतंजलि योग समिति ने वृद्धाश्रम में होली खेलकर बांटी खुशियां
 

रंगो का उत्सव होली देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है। होली का पर्व पर हर कोई अपने परिजनों के साथ मनाने का प्रयास करते हैं। महिला पतंजलि योग समिति, सावनेर शाखा समिति के सदस्य गत कई साल से होली का पर्व आदासा स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम में वहां निवासरत वृद्धोें के साथ मना रहे हैं। वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रख कर यहां तीन दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ योग शिक्षक किशोर ढुंडेले ने योग के गुर सिखाएं। साथ ही होली के दिन बुजुर्गों को पारिवारिक एहसास दिलाने के लिए इनके साथ होली खेली गई। इस अवसर पर योग शिक्षक राजेन्द्र जुआरकर, अमरचंद जैन, पंकज बांते, निखिल भुते, नरेश पाटील, चारुलता पाटील, सचिन लीडर आदि प्रमुखता से उपस्थित थे। सफलतार्थ सावनेर तहसील महिला पतंजलि योग समिति की लता ढवले, सुनीता पाल, सीमा धांडे, स्मिता जैन, वंदना इंगले, सीमा बल्लारे, आशा ढुंडेले, रंजना सोनवाने आदि ने प्रयास किया। प्रस्तावना वृद्धाश्रम के प्रदीप चंदनबटवे, संचालन योग शिक्षक किशोर ढुंडेले ने व आभार अमरचंद जैन ने माना।

 

Created On :   20 March 2022 10:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story