खदान की दीवार गिरी; 2 की मौत, 2 घायल, मृतकों में एक चीन और एक भारतीय निवासी

Mine caves in gumgaon wall fell, two died and two injured
खदान की दीवार गिरी; 2 की मौत, 2 घायल, मृतकों में एक चीन और एक भारतीय निवासी
खदान की दीवार गिरी; 2 की मौत, 2 घायल, मृतकों में एक चीन और एक भारतीय निवासी

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  गुमगांव माॅयल की अंडर ग्राउंड खदान में निर्माणाधीन दीवार गिरने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हाे गए। मृतकों के नाम पंकज खुशाल चौरेवार (25) गड़ेगांव और चेन गॅग (31) चीन निवासी है। घायलों में अनिल देवमन बागडे (27) कोच्छी और वॉग यूनशान चीन निवासी हैं। घटना के समय खदान में 13 लोग कार्यरत थे। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे
मिली जानकारी अनुसार खदान के अंदर निर्माणाधीन साइडिंग दीवार को  सीमेंट क्रांकीट करने के लिए लोहा बांधा जा रहा था, तभी अचानक पत्थर और मुरुम की बनी दीवार गिरने से पंकज और चेन गॅग उसके नीचे दब गए। खदान में  काम करनेवाले मजदूरों ने पुलिस को बताया कि वहां पर सुरक्षा का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं था। पंकज लोहे के एंगल में नट-बोल्ट फिट कर रहा था और चेन गॅग उसके पास खड़ा होकर काम की देखरेख कर रहा था। इसी दौरान छत से पत्थर की दीवार मुरुम के साथ गिर गई। इसके नीचे दोनों दब गए। अनिल और वाॅग को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया। 

चीन की कंपनी को ठेका
खापा के थानेदार हर्षल एकरे का कहना है की सुरक्षा  के अभाव में दोनों मजदूरों की जान चली गई।़ घटना खदान में बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात हुई। यह खदान खापा पुलिस थानांतर्गत आती है। खदान में अंडरग्राउंड पत्थर तोड़ने के लिए चीन की कंपनी को 3 साल के लिए ठेका दिया गया है। खदान के अंदर पंकज खुशाल चौरेवार, चेन गॅग, अनिल देवमन बागड़े  और युवॉन वॉग सहित अन्य मजदूर कार्य कर रहे थे। इस दौरान  करीब 40 टन पत्थरों का मलबा गिरने से पंकज और  चेन उसके नीचे दब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों मृतकों के शव को मेयो अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आकाश उमाले मोलीपुरा खापा निवासी की शिकायत पर खदान में कार्यरत विजय कुमार स्वराज सिंह, असिस्टेंट मैनेजर व अन्य सुपरवाइजरों के खिलाफ खापा थाने में मामला दर्ज किया गया है।

8 लाख मुआवजे का प्रावधान
सावनेर तहसीलदार के प्रतिनिधि के रूप में खदान में घटना की जांच करने गए मंडल अधिकारी भूषणवार ने बताया कि खदान में न्यू वर्टिकल का कार्य सर्वे 64, आराजी 2.05 हेक्टेयर में 163 मीटर गहराई में कार्य शुरू था, तभी यह हादसा हुआ। भूषणवार ने मृतकों के परिजनों को माॅयल प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है। मॉयल के नियमानुसार मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपए देने का प्रावधान है। इससे ज्यादा की राशि के संबंध में बड़े अधिकारी से बातचीत करने पर स्पष्ट होगा।

Created On :   24 Jan 2020 4:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story