Nagpur News: डेढ़ महीने बंद रहेगा नागपुर का धंतोली अंडर ब्रिज, लोगों की बढ़ी परेशानी

डेढ़ महीने बंद रहेगा नागपुर का धंतोली अंडर ब्रिज,  लोगों की बढ़ी परेशानी
  • यातायात हो रहा प्रभावित
  • रेलवे कर रही मरम्मत का काम

Nagpur News धंतोली अंडर ब्रिज से आवागमन करने वाले वाहनों को और डेढ़ महीने तक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। मोक्षधाम घाट चौक स्थित धंतोली अंडर ब्रिज पर रेलवे की ओर से चलने वाले मरम्मत कार्य को पूरा होने में अभी लंबा समय लग सकता है। बारिश के पहले इस पुल की मरम्मत का काम किया जा रहा है। ताकि बारिश में किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। हालांकि इसके बंद रहने से प्रति दिन यहां से गुजरने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सोमवार को लोहा पुल को एक तरफ से अचानक बंद कर दिया गया है। यहां भी रेलवे की ओर से काम किया जा रहा है। हालांकि इस पुल को बंद क्यों किया। यह जानकारी खुद रेल प्रशासन को भी नहीं है।

मुंबई लाइन का मुख्य पुल : नागपुर शहर का धंतोली अंडर ब्रिज शहर के दो हिस्सों को जोड़ता है। यह ब्रिज मध्य रेलवे नागपुर मंडल अंतर्गत आता है। नागपुर व अजनी स्टेशन को जोड़ने वाला व मुंबई लाइन का यह मुख्य ब्रिज है। पुल की उम्र 100 साल के करीब है। जिसके कारण पुल में कई खामियां हैं। बारिश के पहले पुल की मरम्मत करना जरूरी है। ताकि किसी भी तरह रेल यातायात प्रभावित न हो। मनपा, यातायात की अनुमति के साथ रेलवे ने यहां ब्लॉक लेकर मरम्मत काम शुरू किया है।

सुबह-शाम रेंगते हैं वाहन : वर्तंमान में यहां तीन टनल हैं, जिसमें पहली टनल का काम करते वक्त दूसरी टनल को शुरू रखा गया था। अब दूसरी टनल का काम चलने से पहली टनल को बंद कर दिया है। लेकिन प्रति दिन इस मार्ग से यातायात बहुत ज्यादा होता है। ऐसे में सुबह 10 से 12 व शाम को 5 से 7 बजे तक यहां वाहन रेंगते रहते हैं। बहुत ज्यादा भीड़ हो जाने से वाहनधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह का हाल अब लोहा पुल का भी हुआ है। यहां भी रेलवे की ओर से मरम्मत काम किया जा रहा है। मंगलवार को अचानक इसे बंद किया गया। जिसके बाद यहां जबरदस्त ट्रैफिक समस्या से वाहनधारकों को जूझना पड़ा। यहां का काम भी लंबे समय तक चलने का अनुमान है।

संपर्क करने पर नहीं मिला प्रतिसाद : इस संबंध में मध्य रेलवे नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन मित्तल से संपर्क करने की कोशिश पर कोई प्रतिसाद नहीं मिला। वहीं डीआरएम विनायक गर्ग भी इस काम को लेकर जानकारी नहीं दे सके।


Created On :   2 May 2025 1:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story