बेघरों के लिए महा नगर पालिका के साथ मिलकर 'रैन बसेरा' का इंतजाम कर रही पुलिस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर को भिखारी मुक्त बनाने के लिए शहर पुलिस विभाग का सामाजिक सुरक्षा विभाग उनके लिए रैन बसेरा का इंतजाम कर रहा है। शहर में कई ऐसे लोग हैं, जो काम करने के बाद घर नहीं होने से सड़क पर ही रात काटने पर मजबूर हो जाते हैं। ऐसे लोगों के लिए शहर पुलिस आयुक्त डा. के. व्यंकटेशम और MNP आयुक्त अश्विन मुदगल ने भिखारी मुक्त नागपुर शहर अभियान शुरू किया है। इस अभियान को सामाजिक सुरक्षा विभाग पुलिस दस्ता सफल बनाने में जुटा है। इस दस्ते ने 26 बेघरों को सड़क से उठाकर उनके रहने का आश्रय दिलाया। इनके लिए MNP द्वारा संचालित बूटी कन्या शाला सीताबर्डी, माध्यमिक शाला टिमकी, हंसापुरी में रैन बसेरा का इंतजाम किया गया है।
...ताकि न जाए बेवजह किसी की जान
बेघर महिलाएं, युवतियां, बच्चे, बूढ़े और युवा कोई भी मौसम में सड़क पर रहने पर मजबूर रहते हैं। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो कामकाज करते हैं, लेकिन िकराए का मकान नहीं ले पाने के कारण सड़क पर गुजर बसर करते हैं। सड़कों पर रहने वाले ऐसे लोग कई बार सड़क हादसे का शिकार होकर अपनी जान गंवा देते हैं। इसलिए उनके रहने का इंतजाम शहर पुलिस MNP के साथ मिलकर कर रही है। यह कार्य शहर पुलिस आयुक्त अौर MNP आयुक्त की विशेष अभियान के अंतर्गत किया जा रहा है।
विशेष अभियान बेघरों के लिए
पुलिस आयुक्त डा. के. व्यंकटेशम और MNP आयुक्त अश्विन मुदगल के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा विभाग पुलिस दस्ता, अशासकीय संस्था के संयुक्त तत्वावधान में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान सामाजिक सुरक्षा विभाग के दस्ते की सहायक पुलिस निरीक्षक अमिता जयपुरकर ने सहयोगियों के साथ शहर की विविध सड़कों पर रहने वाले बेघरों की तलाश की। सेहत की जांच के बाद उन्हें रहने का ठिकाना दिलाया गया। इस विशेष अभियान में MNP उपायुक्त डा. रंजना लाडे, आर्थिक अपराध शाखा पुलिस विभाग की उपायुक्त श्वेता खेडकर, सामाजिक सुरक्षा विभाग के दस्ते के सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल इंगले, हवलदार मुकुंदा गारमोडे, सुभाष खेडकर, शीतला प्रसाद मिश्रा, महिला पुलिस सिपाही कल्पना, वाहन चालक अनिल दुबे, भीमराव मेश्राम, MNP के प्रमोद खोब्रागडे, विनय त्रिकोटवार, नूतन काले, विनोद काले व अन्य कर्मियों ने अपना सहयोग किया।
Created On :   2 March 2018 12:05 AM IST