- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बँगले के बाहर नोट मिलने से हड़कम्प...
बँगले के बाहर नोट मिलने से हड़कम्प - पुलिस ने सेनिटाइज कर जब्त किया

डिजिटल डेस्क जबलपुर । विजय नगर थाना क्षेत्र स्थित लमती में सुबह एक बँगले के सामने 5 सौ का नोट पड़े होने से हड़कम्प मच गया। नोट जाली से चिपका हुआ था जिसे देखकर दहशत में आये लोगों ने कोरोना संक्रमण फैलाए जाने की आशंका जताई है। इस घटना की जानकारी क्षेत्रीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गयी। सूचना पाकर पुलिस कर्मी मौके पर पहुँचे ओर नोट को सेनिटाइज करते हुए जब्त किया उसके बाद लोगों ने राहत की साँस ली।
कोरोना महामारी का संक्रमण फैलने की आशंका के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं ऐसी स्थिति में सड़क पर नोट पड़े नजर आने पर लोग डर जाते हैं। सुबह परिवहन कार्यालय रोड पर लमती स्थित एक मकान के बाहर सड़क पर 5 सौ का नोट पड़ा हुआ था जिसे देखकर लोगों ने संदेह जताया। लोग घरों के अंदर से झाँककर पूरा नजारा देख रहे थे इसी बीच हवा का झोंका आया और नोट मकान के बाहर लगी जाली में चिपक गया। काफी देर तक लोग परेशान रहे और फिर उसकी सूचना विजय नगर थाने में दी गयी। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर नोट को सेनिटाइज कर जब्त किया। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी संजीवनी नगर व मदन महल थाना क्षेत्र में सड़क पर नोट पड़े होने की घटना से सनसनी फैली थी, वहीं इस घटना में भी लोगों ने जागरूकता का परिचय देते हुए नोट को हाथ नहीं लगाया।
Created On :   6 May 2020 2:58 PM IST












