भंडारा जिले में चली तेज आंधी-जनजीवन प्रभावित, गोंदिया जिले में भी बारिश का अलर्ट  

Strong storm in Bhandara district, life affected
भंडारा जिले में चली तेज आंधी-जनजीवन प्रभावित, गोंदिया जिले में भी बारिश का अलर्ट  
मौसम भंडारा जिले में चली तेज आंधी-जनजीवन प्रभावित, गोंदिया जिले में भी बारिश का अलर्ट  

डिजिटल डेस्क, भंडारा। जिले में गत दो दिन से शाम ढलते ही मौसम बदलने लगता है। दिन भर गर्मी का अहसास होता है लेकिन शाम होते ही अचानक तेज हवा चलने से तूफान जैसे हालत निर्माण हो जाते हैं। मंगलवार को पवनी तहसील में शाम 5.30 बजे के बाद बारिश शुरू हो गई। बार-बार मौसम बदलने से तापमान में कमी आयी है। पिछले 24 घंटे में तापमान चार डि. से. तक घटने से नागरिकों को गर्मी से थोड़ी राहत भी मिली है। जिले का तापमान सोमवार को 41.4 डि. से. दर्ज किया गया था। पर मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.6 डि. से. दर्ज किया गया। जिससे मौसम में ठंडक खुल गई। इस वर्ष गर्मी ने सारे रिकाॅर्ड तोड़ दिए। तापमान 44 डि. से. तक पहुंचा। यह स्थिति मार्च, अप्रैल व 20 मई तक बनी रही। किंतु अब मौसम में बदलाव आया है। सोमवार को जिला का अधिकतम तापमान 41.4 डि. से. व न्यूनतम तापमान 24.1 डि.से. दर्ज किया गया। पर एक दिन बाद मंगलवार को तापमान चार डिग्री तक घटकर 37.6 डि. से. दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डि. से. दर्ज किया गया। उधर पवनी तहसील में शाम को आयी बारिश से गर्मी से राहत मिली है। जिले के अन्य तहसीलों में बादल बने रहे। तेज हवाएं चलती रही।  

गोंदिया जिले में भी बारिश का अलर्ट  

गोंदिया जिले में 24 मई को मौसम साफ रहा। पिछले दो-तीन दिन में तापमान में आयी गिरावट से जिले के नागरिकों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि इसी के साथ उमस बढ़ने से नागरिक परेशान भी हैं। जिले में इन दिनों रबी फसल की धान की कटाई अपने अंतिम दौर में है। इसी बीच प्रादेशिक मौसम केंद्र नागपुर द्वारा जिले में आगामी 5 दिन के लिए जारी किए गए मौसम के पूर्वानुमान एवं चेतावनी ने किसानांे की चिंता बढ़ा दी है। प्रादेशिक मौसम केंद्र द्वारा व्यक्त किए गए पूर्वानुमान के अनुसार 24 से 28 मई के दौरान जिले में मौसम चिंताजनक ही बना रहेगा। 24 मई को एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है। उसी प्रकार 25 एवं 26 मई को भी जिले में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। जबकि 27 मई को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ही एक-दो स्थानों पर बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया गया है। जबकि 28 मई को मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। जिले में इन दिनों ग्रीष्मकालीन धान की फसल खेतों में लहलहा रही है। अधिकांश फसल की कटाई हो चुकी है एवं शेष कटाई का काम एक सप्ताह में पूरा होने की संभावना है। लेकिन इस बीच यदि बारिश होती है तो इसका धान की कटाई के काम पर विपरीत परिणाम होगा। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन में तेज बारिश की संभावना नहीं है। जिसे देखते हुए धान की फसल एवं अन्य फसलों पर बहुत अधिक असर पड़ने की संभावना न के बराबर है। धान की कटाई का काम भी जल्द पूरा हो जाएगा एवं हल्की बारिश से सब्जी की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका नहीं है। इस वर्ष गर्मी ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए है। लेकिन विगत सप्ताह से मौसम में बदलाव आने से कभी धूप तो कभी छांव का माहौल बन रहा है। बुधवार, 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है, जो 2 जून तक रहेगा। लेकिन मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि बुधवार से दो दिन मौसम में बदलाव होने जा रहा है। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि नौतपा में जैसी तेज धूप रहती है वह नहीं रहेगी। मंगलवार 24 मई को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा है। धूप कम होने से जिलेवासियों को गर्मी से राहत भी मिल रही है। लेकिन इसी तरह मौसम में बदलाव रहा तो नौतपा भी बेअसर होगा।

Created On :   25 May 2022 12:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story