Gondia News: गोंदिया में घर के सामने बंधे बछड़े का शिकार कर बाघ जंगल में खींच ले गया

गोंदिया में घर के सामने बंधे बछड़े का शिकार कर बाघ जंगल में खींच ले गया
  • पेट्रोलिंग बढ़ाई और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए
  • आमगांव वन परिक्षेत्र के सोनेखारी येरमडा परिसर की घटना

Gondia News गोंदिया जिले के आमगांव वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमगांव तहसील के ग्राम सोनेखारी-येरमडा मार्ग पर सड़क किनारे रहने वाले एक किसान के घर में बंधे गाय के बछड़े का बाघ ने शिकार कर लिया। घटना 12 जून को घटित हुई। इस घटना से नागरिकों में दहशत का वातावरण है। शिकार के बाद बाघ उस बछड़े को खींचते हुए जंगल में ले गया।

घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी -कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचे। परिसर में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं। गौरतलब है कि इस परिसर में मनरेगा के काम शुरू रहने के कारण बड़ी संख्या में मजदूर कार्यों पर जाते हैं। जिनमें घटना के बाद भय का वातावरण है। फिलहाल तात्कालिक उपाय योजना के रूप में मनरेगा के सभी काम अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हंै। इस संदर्भ में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिलाषा सोनटक्के का कहना था कि वन क्षेत्र से सटे हुए गांवों में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं।

फिर भी वन विभाग की ओर से आस-पास के गांवों में मुनादी की गई है और नागरिकों से रात्रि के समय अकेले बाहर न जाने और पालतू जानवरों को सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है। इस घटना के बाद प्रशासन भी सतर्क हुआ है और नागरिकों से सावधान रहने का आव्हान किया गया है। घटना से सोनेखारी-येरमडा मार्ग पर स्थित गांवों के ग्रामीणों में भय का वातावरण है। कुछ माह पूर्व हुई इस परिसर में बाघ की गतिविधियों के संकेत मिले थे। यह घटना मानव वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को दर्शाने वाली है।

Created On :   14 Jun 2025 6:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story