Gondia News: गोंदिया जिले में धान खरीदी बंद, 239 करोड़ का भुगतान भी नहीं मिला

गोंदिया जिले में धान खरीदी बंद, 239 करोड़ का भुगतान भी नहीं मिला
25 लाख 13 हजार 344 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी

Gondia News गोंदिया जिले में ग्रीष्मकालीन रबी मौसम के धान की शासकीय खरीदी 27 सितंबर से बंद कर दी गई है। तीन बार खरीदी की अवधि एवं खरीदने का लक्ष्य बढ़ाकर दिए जाने के बाद अब अंतत: यह खरीदी बंद कर दी गई है। जिले में 60 हजार 420 किसानों ने मार्केटिंग फेडरेशन के शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर े धान की बिक्री करने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करवाया था। इसमें से खरीदी बंद होने तक मार्केटिंग फेडरेशन के 186 सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर कुल मिलाकर 25 लाख 13 हजार 344 क्विंटल धान की खरीदी की गई। जिसकी कीमत 578 करोड़ 69 लाख 1 हजार 361 रुपए है। जिनमें से अब तक किसानों को 338 करोड़ 74 लाख 97 हजार 989 रुपयों का भुगतान किया जा चुका है। जबकि अभी भी किसानों को 239 करोड़ 31 लाख 93 हजार 372 रुपए का भुगतान किया जाना बाकी है। जो भुगतान किया गया है, वह 33 हजार 985 किसानों को किया गया है।

अभी भी लगभग 26 हजार किसानों को भुगतान किया जाना बाकी है। 2 सप्ताह बाद ही दीपावली है एवं खरीफ फसल अभी पूरी तरह कटकर बाजार में बिक्री के लिए नहीं आई है। जिसे देखते हुए हजारों किसान दीपावली से पूर्व शासन से भुगतान की मांग कर रहे हैं। यदि यह भुगतान उन्हें समय पर मिल जाता है तो, उनकी दिवाली भी जगमगा जाएगी।

निधि प्राप्त होते ही किया जाएगा भुगतान : शासकीय धान खरीदी योजना के अंतर्गत खरीदे गए धान के एवज में ग्रीष्मकालीन रबी फसल के धान का 239 करोड़ रुपए का भुगतान अभी किया जाना बाकी है। शासन की ओर से निधि प्राप्त होते ही यह राशि ऑनलाइन किसानों के खाते में जमा करा दी जाएगी। - विवेक इंगले, जिला मार्केटिंग अधिकारी, गोंदिया

Created On :   4 Oct 2025 4:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story