Gondia News: भुसारीटोला में तेंदुए की दहशत, लाठियां लेकर ग्रामीण लगा रहे गश्त

भुसारीटोला में तेंदुए की दहशत, लाठियां लेकर ग्रामीण लगा रहे गश्त
नागझिरा अभयारण्य बफर जोन से सटा है गांव

Gondia News नागझिरा अभयारण्य बफर जोन से सटे भुसारीटोला परिसर में बाघ, तेंदुए जैसे हिंसक प्राणियों का विचरण देखा जा रहा है। 25 सितंबर की रात के दौरान भुसारीटोला गांव में तेंदुआ घुस गया। जिससे ग्रामीणों में दहशत निर्माण हो गई और तेंदुए के हमले से बचने के लिए लाठियां लेकर रात के दौरान ग्रामीणों ने गश्त लगाना शुरू कर दिया है।

उल्लेखनीय है की अर्जुनी मोरगांव तहसील के गोठनगांव वनपरिक्षेत्र के संजय नगर में तड़के 5 बजे दादी के सामने ही 5 वर्ष के मासूम को तेंदुआ उठाकर ले गया था। इस घटना में उसकी मौत होने की घटना 25 सितंबर को सामने आई थी। इस घटना से भी अब तेंदुए की दहशत ग्रामीणों में बनी हुई है। इस संदर्भ में जानकारी दी जा रही है की सडक अर्जुनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत भुसारीटोला ग्राम आता है। यह ग्राम नागझिरा अभयारण्य के बफर जोन तथा मुरदोली के घने जंगलों से सटा हुआ है।

भुसारीटोला ग्राम में पशुधन मालिकों की संख्या अधिक होने से लगभग हर घर में गोवंश , बकरियां को पाला जाता है। 25 सितंबर की रात को अचानक तेंदुआ ग्राम के एक पशुधन मालिक के घर में दिखाई दिया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। तेंदुए के हमले से बचने के लिए ग्रामीणों ने हाथों में लाठियां लेकर गांव में गश्त लगा दी। वहीं ग्रामीणों ने जानकारी दी की रात के दौरान हिंसक प्राणियों से बचने के लिए गश्त लगाई जाएगी। वन विभाग से मांग की गई है कि हिंसक प्राणियों को गांव में आने से रोकने के लिए कारगर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं।

Created On :   27 Sept 2025 5:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story