Gondia News: गोेंदिया में दादी के सामने ही मासूम को उठा ले गया तेंदुआ

गोेंदिया में दादी के सामने ही मासूम को उठा ले गया तेंदुआ
उपचार से पहले ही घायल बालक ने तोड़ा दम

Gondia News अर्जुनी मोरगांव तहसील में फिर एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आयी है। दादी के साथ आंगन में खड़े 5 वर्षीय पोते को तेंदुए उठा ले गया। तेंदुए के हमले में बालक बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे उपचार हेतु समीप के ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केशोरी में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना अर्जुनी मोरगांव तहसील के गोठनगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत में संजयनगर में घटित हुई। मृतक का नाम अंश प्रकाश मंडल (5) बताया गया है।

इस घटना से आक्रोशित नागरिकों ने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम आंदोलन किया। दौरान वनविभाग के एक अधिकारी के वाहन की तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया है। इस संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार अंश मंडल के पिता प्रकाश मंडल मजदूरी के लिए अन्य प्रांत में गये है। वहीं घटना के दिन अंश की मां अपने मायके गई हुई थी। जिस वजह से अंश अपनी दादी अर्चना मंडल के साथ घर में था। 25 सितंबर की सुबह लगभग 5 बजे वह दादी के साथ आंगन में खड़ा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अंश को उठा ले गया। घटना निर्देश में आते ही दादी अर्चना ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई।

पड़ोसी दौड़ पड़े, जिससे तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल अंश को उपचार के लिए समीप के ही केशोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। लेकिन कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डा. पिंटु मंडल ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वनविभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। इस घटना को लेकर संजयनगर वासियों में वन विभाग के खिलाफ तीव्र असंतोष निर्माण हो गया और वनविभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केशोरी-नवेगांव मार्ग को जाम कर दिया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि हमलावर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षा प्रदान की जाए। इससे पहले भी दो बार तेंदुए ने दो बालकों पर किया था हमला : बताया जा रहा है कि 29 अगस्त 2025 को इटियाडोह डैम पर अपने परिवार के साथ टहलने गए चार वर्षीय एक बालक पर तेंदुए ने हमला कर दिया था। इस घटना में मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं वर्ष 2024 में गोठनगांव में मंडई उत्सव के दौरान 5.30 बजे आंगन में खेल रहे एक छोटे बच्चे पर तेंदुए ने हमला बोल दिया था। हालांकि दोनों घटना में दोनाें मासूम बच गए और तीसरी घटना इसी क्षेत्र में घटित हुई, जिसमें अंश की मृत्यु हो गई। जिससे क्षेत्रवासी तेंदुए के दहशत में हमेशा जी रहे हैं।

Created On :   26 Sept 2025 4:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story