Gondia News: जैविक खेती की ओर रूझान , 5500 हेक्टेयर में उपजेगा कीटनाशक मुक्त धान

जैविक खेती की ओर रूझान ,  5500 हेक्टेयर में उपजेगा कीटनाशक मुक्त धान
  • कृषि विभाग के आत्मा विभाग के जरिए प्रशिक्षण ले रहे किसान
  • 2.19 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ धान की फसल लगाई जा रही

Gondia News इस बार खरीफ का मौसम कुछ खास होने वाला है। लगभग 5500 हेक्टेयर क्षेत्र पर जैविक खेती के जरिए धान का उत्पादन किया जाएगा। दावा है कि यह बिल्कुल कीटनाशक मुक्त पैदावार होगी। उल्लेखनीय है कि धान, सब्जी तथा फलों की आधुनिक खेती में उत्पादन बढ़ाने के लिए रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का उपयोग होता है। गोंदिया जिले में 2.19 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ धान की फसल लगाई जा रही है।

अधिकांश किसान अधिक उत्पादन के लिए रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कर रहे हैं। लेकिन इसका हमारे स्वास्थ्य के साथ ही जमीन की उर्वरता पर भी नकारात्मक प्रभाव होता है। ऐसी खेती से बचने के लिए कुछ प्रगतिशील किसान अब कृषि विभाग के आत्मा विभाग के जरिए जैविक खेती का प्रशिक्षण ले रहे हैं। इस वर्ष खरीफ मौसम में 5500 हेक्टेयर क्षेत्र पर जैविक खेती का प्रयोग होगा। ऐसे किसान अब धीरे-धीरे जागरूक होकर जैविक खेती की ओर बढ़ रहे है।

सेहतमंद है जैविक अनाज : कृषि विभाग के आत्मा कार्यक्रम में इस पर जागरूकता फैलाई जाती है। बताया जाता है कि जैविक खेती की फसल मनुष्य और जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य के साथ ही जमीन के लिए भी फायदेमंद है। रसायनों और कीटनाशक के प्रयोग से अनाज या सब्जी में जहरीले तत्व मिल जाते हैं।

गोंदिया जिले की आठ तहसीलों में जैविक खेती होगी। गोंदिया, मोरगांव अर्जुनी तथा तिरोड़ा तहसीलों में एक-एक हजार हेक्टेयर में जैविक खेती होगी। सड़क अर्जुनी, गोरेगांव, आमगांव, सालेकसा तथा देवरी तहसील में हरेक में 500 हेक्टेयर में यह प्रयोग होगा। जैविक खेती का प्रशिक्षण मिलने के कारण किसानों में जागृति आ रही है। - अजित अडसुले, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, आत्मा, कृषि विभाग, गोंदिया

Created On :   5 July 2025 3:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story