Gondia News: समय पर नहीं की खाद की आपूर्ति गोंदिया की कंपनियों को कारण बताओ नोटिस

समय पर नहीं की खाद की आपूर्ति गोंदिया की कंपनियों को कारण बताओ नोटिस
  • आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन रखता है स्टॉक
  • निर्धारित अवधि में खाद की आपूर्ति नहीं की

Gpndia News आपात स्थिति में किसानों को रासायनिक खाद उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए खरीफ फसल लगाने के पूर्व उत्पादक कंपनियों को जिला प्रशासन को बफर रासायनिक खाद की आपूर्ति करना होता है, लेकिन गोंदिया जिला प्रशासन की मांग के अनुरूप कंपनियों ने निर्धारित अवधि में खाद की आपूर्ति नहीं की है। इस कारण जिला कृषि विभाग ने रासायनिक खाद उत्पादकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बता दें कि, गोंदिया जिले में सबसे अधिक धान की फसल खरीफ मौसम में ली जाती है। इस वर्ष 2 लाख 19 हजार हेक्टर क्षेत्र पर खरीफ फसल लगाने का नियोजन किया गया है। धान फसलों के लिए रासायनिक खाद की बड़े पैमाने पर मांग होती है, लेकिन हमेशा रासायनिक खादों का स्टॉक कम होने से समय पर खाद नहीं मिल पाता और फसलों को नुकसान पहुंच जाता है। कभी-कभी प्राकृतिक आपदा के कारण परिवहन व्यवस्था ठप हो जाती है। इस कारण खाद की आपूर्ति करना असंभव हो जाता है। एैसे समय में किसानों को खाद मिलना मुश्किल होकर सबसे बड़ी समस्या बन जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए बारिश के पूर्व ही रासायनिक खाद की आपूर्ति कर खाद आरक्षित कर लिया जाता है।

बताया गया कि, अप्रैल और मई माह में ही आरसीएफ, चंबल यूरिया उत्पादक कंपनियों को 2210 मीट्रिक टन रासायनिक खाद आपूर्ति करने का लक्ष्य दिया गया था। इसके बावजून इन कंपनियों ने मात्र 968 मीट्रिक टन ही खाद की आपूर्ति की है। इसके अलावा जिला प्रशासन ने जून माह में सीएफसीएल, आरसीएफ, पोरो मंडल तथा नर्मदा बायो यूरिया कंपनी से 5500 मीट्रिक टन रासायनिक खाद की डिमांड की गई लेकिन अब तक मात्र 770 मीट्रिक टन रासायनिक खाद की आपूर्ति की है। इस प्रकार उपरोक्त कम्पनियों द्वारा दिए गए लक्ष्य को पूरा नहीं किया जा रहा है। यदि ऐसी परिस्थिति बनी रही तो किसानों के लिए सबसे बड़ी समस्या उभरकर सामने आएगी, क्योंकि प्रति वर्ष गोंदिया जिले में जिलेवासियों को प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ता है और परिवहन व्यवस्था ठप हो जाती है।

Created On :   20 Jun 2025 2:51 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story