- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- सरकारी खरीदी नहीं हुआ शुरू, निजी...
Gondia News: सरकारी खरीदी नहीं हुआ शुरू, निजी व्यापारियों को कम दाम पर बेच रहे धान

Gondia News प्रतिवर्ष अक्टूबर माह में शुरू होने वाली खरीफ मौसम की शासकीय धान खरीदी इस वर्ष नवंबर माह खत्म होने पर आने के बावजूद अब तक शुरू नहीं हो पायी है। जिसके चलते बड़ी संख्या में छोटे एवं मध्यम किसानों द्वारा अपना धान निजी व्यापारियों को बेचा जा रहा है। जिससे उनके गोदाम फुल हो रहे हैं। वहीं सरकारी खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने के कारण किसानों को उनकी उपज का सही दाम ही नहीं मिल पा रहा है।
जिला मार्केटिंग अधिकारी विवेक इंगले द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 21 नवंबर तक जिले के 176 खरीदी केंद्रों पर केवल 17 हजार 722 किसानों ने शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री के लिए बीम पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करवाया है। जिले में किसानों की संख्या लगभग 2 लाख है। जिसमें से केवल 17 हजार 722 किसानों का पंजीकरण हुआ है। जबकि सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री करने के लिए किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।
30 नवंबर पंजीकरण की अंतिम तिथि है। लेकिन अभी तक केवल 5 से 7 प्रतिशत किसानों का ही पंजीकरण हो पाया है। इस स्थिति को देखते हुए पंजीयन की तिथि निश्चित रूप से बढ़ाई जाएगी। इसकी पूरी संभावना है। शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर किसानों का धान 2369 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाता है। जबकि व्यापारी किसानों से उनका धान 400 से 500 रुपए प्रति क्विंटल कम दर से खरीदते हैं। लेकिन मजबूरीवश किसानों को अपनी आवश्यकता की पूर्ति के लिए अपना धान बेचना पड़ रहा है। क्योंकि अभी तो सरकारी खरीदी केंद्र शुरू ही नहीं हुए है। शुरू होने पर वहां धान की बिक्री करने पर ऑनलाइन भुगतान है। पंजीकृत किसान ही सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर अपना धान बेच सकते हैं। यह नियम है। जिसके कारण अभी पंजीयन होने में ही कम से कम एक माह और लगेगा। ऐसे में सरकारी धान खरीदी केंद्र शुरू होने के लिए किसानों को कम से कम 15 दिनों तक तो और इंतजार करना पड़ेगा।
Created On :   22 Nov 2025 5:35 PM IST















