- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- धान खरीदी : सोमवार से शुरू होने...
Gondia News: धान खरीदी : सोमवार से शुरू होने वाली पंजीयन प्रक्रिया अब 15 दिन बाद

Gondia News खरीफ मौसम की सरकारी धान खरीदी के लिए सोमवार से शुरू होने वाली ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया ही अब तक शुरू नहीं हो पायी है। जबकि 30 नवंबर पंजीयन की अंतिम तिथि है। इस संबंध में जानकारी मांगे जाने पर जिला मार्केटिंग अधिकारी विवेक इंगले ने दैनिक भास्कर को बताया कि प्रक्रियागत अड़चनों के कारण यह प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। प्रत्यक्ष खरीदी शुरू होने में अभी और 10 से 15 दिनों का समय लग सकता है। 130 केंद्रों ने शासकीय धान खरीदी के लिए अनुमति मांगी थी, जो दी गई है। कुछ बाधाओं के दूर होते ही किसान शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर जाकर बीम पोर्टल के माध्यम से धान की खरीदी करने के लिए अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे।
सरकारी धान खरीदी प्रक्रिया में होने वाली अनियमितताओं को दूर करने के लिए शासन ने इस वर्ष से धान की बिक्री के लिए पंजीयन करते समय थंब मशीन पर किसानों का अंगूठे का निशान लेने के निर्देश दिए हंै। इसके लिए केंद्रों को यह मशीन उपलब्ध कराई जाएगी। गौरतलब है कि शासन के नियमानुसार जिन किसानों द्वारा सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कराया जाएगा, वे ही इन केंद्रों पर अपना धान बिक्री करने के लिए पात्र होंगे। किसानों को समर्थन मूल्य से कम दाम पर अपने धान की बिक्री न करनी पड़े। इसके लिए प्रतिवर्ष शासन द्वारा महाराष्ट्र मार्केटिंग फेडरेशन एवं आदिवासी विकास महामंडल के माध्यम से शासकीय खरीदी की जाती है।
सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर जो किसान अपना ऑनलाइन पंजीयन करवाते हैं। केवल उन्हीं से यह धान खरीदा जाता है। इस खरीदी में पिछले कुछ वर्षों के दाैरान कुछ स्थानों पर धांधली की शिकायत भी सामने आयी। जिसके बाद जांच में यह शिकायतें सही पाए जाने के कारण कुछ केंद्र संचालकों के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए। सरकार इस तरह की धांधली पर अंकुश लगाने के लिए विविध उपाय योजना कर रही है। इसी के तहत इस वर्ष से पंजीयन कराने वाले किसानों का अंगूठे का निशान थम मशीन पर लिए जाने का निर्णय लिया गया है। पंजीयन प्रक्रिया के बाद ही सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर प्रत्यक्ष रूप से खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी।
Created On :   7 Nov 2025 5:23 PM IST















