- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- खेत में आराम कर रहे किसान से मात्र...
Gondia News: खेत में आराम कर रहे किसान से मात्र 10 फीट की दूरी पर बैठा था तेंदुआ

- किसानों ने मचाया शोर तो भागा जंगल की ओर
- बाल-बाल बचा किसान
Gondia News तिरोड़ा तहसील के बुचाटोला व रुस्तमपुर गांव में पिछले 8 दिनों से तेंदुआ घूम रहा है। खेत में काम खत्म कर आराम कर रहे एक किसान से तेंदुआ मात्र 10 फीट की दूरी पर बैठा था। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने तेंदुए को देखा। चीख-पुकार के बाद किसान नींद से जागा और शोरगुल से तेंदुआ भी मौके से भाग खड़ा हुआ। किसान अन्नाराम कटरे की किस्मत बहुत अच्छी थी कि तेंदुए ने उस पर हमला नहीं किया। यह घटना रविवार को दोपहर के समय बुचाटोला परिसर में घटित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार बुचाटोला निवासी अन्नाराम कटरे खेत में काम करने के लिए गया था। दोपहर के समय वह खेत में एक पेड़ के नीचे आराम कर रहा था। तेंदुआ उससे मात्र 10 फीट की दूरी पर एक झाड़ी में बैठा था। उसी रास्ते से गुजर रहे एक व्यक्ति ने कटरे को आवाज दी। जब वह दोनों बात कर रहे थे, तभी तेंदुआ दहाड़ा। पहले तो दोनों डर गए। उन्होंने समय रहते शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर पड़ोसी ग्रामीण मौके पर दौड़े। जिससे तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद उपस्थित ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बता दें कि नागझिरा अभयारण्य इस क्षेत्र से सटा हुआ है। इस वजह से इस क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है। पिछले दो दिनों से तेंदुए ने इस क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। पता चला है कि रुस्तमपुर में धर्मदास परतेती के तबेले में प्रवेश कर 6 बकरियों को भी शिकार किया है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द इस तेंदुए को पिंजरे में कैद करने की मांग की है।
Created On :   18 Nov 2025 4:01 PM IST















