- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- 6 बार आई लिंक, ओपन करते ही खाते से...
Gondia News: 6 बार आई लिंक, ओपन करते ही खाते से गायब हो गए 9.47 लाख रुपए

Gondia News देश आधुनिकता की ओर जैसे-जैसे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे ठगबाज इसी आधुनिकता का फायदा उठाकर लोगों के साथ ऑनलाइन जालसाजी कर मालामाल हो रहे हैं। ठगबाज नए-नए तरीके से मैसेज तैयार कर लिंक के साथ जोड़कर उसे मोबाइल पर भेज रहे हैं, जिसे ओपन करते ही पल भर में बैंक खाता खाली हो जाता है। इसी तरह का एक मामला गोंदिया में सामने आया है। इस मामले में अज्ञात ठगबाजों ने फरियादी को छह बार ऑनलाइन लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से 9 लाख 47 हजार 269 रुपए निकाल लिए है। इस मामले की शिकायत 19 नवंबर को गोंदिया ग्रामीण पुलिस थाने में की गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार साईंबाबा धर्मकांटा परिसर फूलचुर निवासी हेमराज वसंत शहारे (40) ने पुलिस को बताया कि वह घर पहुंचे तो उन्हें मोबाइल पर जेडी.एसबीआई. आईएनबी एस नाम से 6 बार ओटीपी का मैसेज नजर आया। तब उन्होंने उनका ऑनलाइन स्टेटमेंट चेक किया तो एसबीआई खाता क्रमांक 31415554277 से 6 बार विविध राशि का फ्रॉड ट्रांजेक्शन नजर आया।
उनके खाते से अज्ञात ठगबाजों ने 9 लाख 47 हजार 269 रुपए उड़ा लिए। फरियादी के मोबाइल पर उनके सहयोगी ने संपर्क किया तो फरियादी का फोन दूसरे मोबाइल नंबर पर फॉरवर्ड हो रहा था। जिसके बाद फरियादी ने गोंदिया ग्रामीण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 684/2025, धारा 318 (4), बीएनएस की सहधारा 66 (सी), 66 (डी) सूचना तंत्रज्ञान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। सतर्कता बरतने के बाद भी ठगबाज नये फंडे अपनाकर लोगों को ऑनलाइन चूना लगा रहे हैं।
Created On :   21 Nov 2025 4:26 PM IST















