- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- गोंदिया जिले को 12 लाख 33 हजार 766...
Gondia News: गोंदिया जिले को 12 लाख 33 हजार 766 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य

Gondia News खरीफ मौसम के धान खरीदी का लक्ष्य जिला मार्केटिंग फेडरेशन को प्राप्त नहीं होने के कारण सरकारी धान खरीदी केंद्रों पर पंजीयन कराने वाले किसानों के धान की प्रत्यक्ष खरीदी शुरू नहीं की गई थी। जिससे किसान परेशान थे और धान खरीदी शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। 26 नवंबर को महाराष्ट्र सरकार ने मार्केटिंग फेडरेशन को धान, मक्का आदि खरीदी का लक्ष्य दे दिया है। इसके तहत गोंदिया जिले को 12 लाख 33 हजार 766 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा खरीफ मौसम 2025-26 के लिए गोंदिया जिले में 5 हजार क्विंटल मक्के की खरीदी करने का लक्ष्य भी दिया गया है। शासन से आदेश प्राप्त होने के बाद अब मार्केटिंग फेडरेशन के सहकारी संस्थाओं के माध्यम से मंजूर किए गए सभी 154 केंद्रों पर धान की प्रत्यक्ष खरीदी शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इससे धान उत्पादक किसानों को भारी राहत मिली है।
गौरतलब है कि जिले में इस वर्ष बेमौसम बारिश ने धान उत्पादक किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में सरकारी धान खरीदी केंद्र भी शुरू नहीं होने के कारण किसानों को अपनी बची-खुची फसल भी निजी व्यापारियों के हाथों कम दाम पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था, क्योंकि नवंबर माह समाप्त होने को आने पर भी सरकारी धान खरीदी केंद्र को खरीदी का लक्ष्य नहीं मिलने के कारण किसानों से धान खरीदी नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में जिले के किसानों को दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा था।
एक ओर बारिश से बर्बाद हुई फसल का नुकसान और दूसरी ओर सरकारी धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने से निजी व्यापारियों को कम दाम पर माल बेचने पर भी नुकसान सहन करना पड़ रहा था। जिला मार्केटिंग अधिकारी के अनुसार अब धान खरीदी में कोई अडचन नहीं रह गई है। जल्द ही मंजूरी प्राप्त केंद्रों पर पंजीकृत किसानों के धान की खरीदी शुरू हो जाएगी।
Created On :   28 Nov 2025 4:55 PM IST














