पन्ना: भाजपा को जन आशीर्वाद यात्रा नहीं बल्कि क्षमा याचना यात्रा निकलना चाहिए: श्रीकांत पप्पू दीक्षित

भाजपा को जन आशीर्वाद यात्रा नहीं बल्कि क्षमा याचना यात्रा निकलना चाहिए: श्रीकांत पप्पू दीक्षित

डिजिटल डेस्क, पन्ना। लगभग 18 वर्ष तक प्रदेश की सत्ता सम्भालने के बाद अब भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। जिसमें सरकारी खजाने और सरकारी तंत्र का खुलेआम दुरूपयोग हो रहा है। सरकारी तंत्र के जरिये दबाव बनाकर जनता को भाजपा के कार्यक्रमों में भीड़ के रूप में उपयोग करने के लिए लाया जा रहा है। यह बात पीसीसी मेम्बर व कांग्रेस नेता श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने गुरुवार को गल्ला मंडी स्थित अपने निज कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करती हुईं कहीं। कांग्रेस नेता श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि अभी हाल में ही गुनौर में मुख्यमंत्री आये थे उसमें हितग्राहियों के नाम पर 600 बसें लगाई गईं और इसमें सवा करोड़ से भी अधिक की राशि सरकारी खजाने से खर्च की गई।

मंच सहित अन्य व्यवस्थाओं पर सरकारी खजाने से करोड़ों रूपये की राशि हर कार्यक्रम में खर्च की जा रही है। जनता की गाढ़ी कमाई से सरकारी खजाने में जाने वाले पैसे को लुटाने वाली धोखेबाज सरकार को जनता से आशीर्वाद कैसे मिलेगा। श्री दीक्षित ने कहा कि पन्ना जिले में इन 18 वर्षों में विकास की करे तो इस जिले को न तो इंजीनियरिंग कॉलेज मिला, न डायमंड पार्क मिला, न ही मेडिकल कॉलेज, न ही श्रमोदय विद्यालय और न ही ईएसआईसी हॉस्पिटल खुला। बल्कि इन 18 सालों के दौरान जिले में शिक्षा स्वास्थ्य की स्थिति बदतर हो गयी हैं। जिला अस्पताल की स्थिति कई दिनों ऐसी रहती है कि गैस, सर्दी व खांसी की दवाईयां तक नहीं रहतीं। ऐसे में प्रदेश के साथ इस जिले के लोगों से भाजपा किस मुंह से जन आशीर्वाद मांग रही हैं। श्री दीक्षित ने यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा निकालकर ग्राम पंचायत सचिवों के सहारे भीड़ जुटाकर जो माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को जन आशीर्वाद यात्रा की जगह जनता से क्षमा मांगने के लिए यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर पहाडीखेरा मार्ग से जनआर्शीवाद यात्रा को नहीं निकाला क्योंकि पन्ना से पहाड़ीखेरा, बृजपुर सडक़ मार्ग की जो दुर्दशा है उससे लोगों का जीवन दुस्वार हो गया है। यहां हो रही नित्य घटनाओं से लोगों को जान गंवानी पड़ी है। अजयगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक गांव में रोजगार के लिए लोगों ने ट्रेक्टर खरीदकर वैधानिक रूप से रेत का व्यापार एवं परिवहन शुरू किया था लेकिन बड़ी कम्पनियों को अवैध उत्खनन का अघोषित ठेका देकर केन नदी में भारी अवैध उत्खनन कराया जा रहा है और छोटे ट्रेक्टरों व व्यापारियों का रोजगार छिन गया।

हीरा एवं पत्थर खदानें संचालित हों तो लोगों को मिलेगा रोजगार

पीसीसी मेम्बर श्रीकान्त दीक्षित ने कहा कि पन्ना जिला खनिज संपदा से भरपूर है यहां हीरा एवं पत्थर का भण्डार है परंतु इसका कोई लाभ हीरा एवं पत्थर खदानें बंद हो जाने की वजह से नहीं मिल पा रहा है। जिसके चलते मजदूरों एवं बेरोजगारों का जिले से लगातार पलायन हो रहा है। वह तब जब हमारे संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद हैं तथा मध्यप्रदेश शासन में पन्ना के विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह खनिज मंत्री हैं। वन क्षेत्र का बहाना बनाकर यहां के खनिज से मिलने वाले रोजगार को मजदूरों और गरीबों से छीन लिया गया है। जबकि धारा 4 का नोटिफिकेशन नहीं होने के बावजूद वन विभाग द्वारा खनिज संपदा से भरपूर राजस्व क्षेत्र पर अतिक्रमण किया गया है जो गलत है। इस मामले में सांसद और मंत्री ने क्या किया उन्हें जनता को बताना चाहिए। यदि इस क्षेत्र की हीरा पत्थर खदानें संचालित हों तो करीब पचास हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। श्री दीक्षित ने कहा कि खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह को वास्तविक स्थिति से अनभिज्ञ नहीं हैं। क्योंकि उनके तथा उनके परिवार का पेशा पत्थर खदान रहा है। इसके बावजूद वह वन विभाग का अवैध कब्जा हटवाकर राजस्व क्षेत्र में ही पत्थर एवं हीरा खदानों का संचालन नहीं करवा पाये हैं। यह उनकी विफलता ही कहा जायेगा ।

जन आक्रोश यात्रा को मिल रहा जनता का समर्थन

गणेश चतुर्थी के पर्व से मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। पन्ना में 22 सितम्बर को जन आक्रोश यात्रा पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव के नेतृत्व में पहुंच रही है। यह देखने आ रहा है कि जन आक्रोश यात्रा में जो लोगों की भीड़ एकत्रित हो रही है उससे यही प्रतीत हो रहा है कि यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता श्री दीक्षित ने कांग्रेसजनों एवं आम जनता से श्री यादव के नेतृत्व में पहुंच रही जन आक्रोश यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Created On :   22 Sep 2023 10:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story