पवई न्यूज: शरद पूर्णिमा पर जगदीश स्वामी मंदिर में उमड़ी श्रद्धा

डिजिटल डेस्क पवई। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर पवई नगर के प्रसिद्ध जगदीश स्वामी मंदिर में भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। पर्व के अवसर पर महिलाओं ने मंदिर में एकत्र होकर भगवान जगदीश स्वामी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। खोवे से बने लड्डुओं का भोग अर्पित कर चंद्रदेव की आराधना की और परिवार की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है। इस पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। इसी आस्था के साथ महिलाओं ने जगदीश स्वामी मंदिर में पूजा की और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार पर्व मनाया।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
शरद पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किया। भगवान के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया। महिलाओं ने चंद्रमा की रोशनी में पूजा-अर्चना कर सुखी वैवाहिक जीवन, परिवार की उन्नति और घर में सुख-शांति बनाए रखने की प्रार्थना की।साथ ही चंद्रमा की शीतल चांदनी और धार्मिक आस्था के बीच महिलाओं ने श्रद्धा एवं उल्लास के साथ शरद पूर्णिमा का पर्व मनाया। जगदीश स्वामी मंदिर में हुई पूजा-अर्चना ने नगर की धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक आस्था की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
Created On :  
