Panna News: पेट्रोल पम्प के मैनेजर पर ७.८८ लाख गबन का आरोप, संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपी फरार

पेट्रोल पम्प के मैनेजर पर ७.८८ लाख गबन का आरोप, संचालक की शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपी फरार
पन्ना शहर के सिविल लाइन स्थित पन्ना फिलिंग स्टेशन में नियुक्त मैनेजर पर क्रय-विक्रय से प्राप्त राशि के हिसाब में हेराफेरी कर ७.८८ लाख रूपए की राशि गबन कर लापता हो जाने के आरोप लगे है।

Panna News: पन्ना शहर के सिविल लाइन स्थित पन्ना फिलिंग स्टेशन में नियुक्त मैनेजर पर क्रय-विक्रय से प्राप्त राशि के हिसाब में हेराफेरी कर ७.८८ लाख रूपए की राशि गबन कर लापता हो जाने के आरोप लगे है। मामले को लेकर पेट्रोल पम्प के संचालक राजेश कुमार द्विवेदी पिता स्वर्गीय जग प्रसाद द्विवेदी उम्र ५६ वर्ष निवासाी वार्ड क्रमांक १३ छत्रसाल वार्ड बेनीसागर मोहल्ला की लिखित शिकायत पर कोतवाली पन्ना में आरोपी रामकेश पटेल पिता राजा भइया पटेल निवासी लोढ़ापुरवा तहसील अजयगढ जिला पन्ना के विरूद्ध बीएनएस की धारा ३१६(४) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

फरियादी राजेश द्विवेदी ने लिखित आवेदन में बताया कि उनका पन्ना फिलिंग स्टेशन के नाम से सिविल लाइन में पेट्रोल पम्प २०१५ से संचालित है जो कि अनुजवधू साधना द्विवेदी के नाम दर्ज है। फिलिंग स्टेशन पर आरोपी रामकेश पटेल को प्रबंधक पद हेतु नियुक्त किया गया था वह पेट्रोल डीजल व आयल की खरीद-बिक्री, हिसाब किताब का जिम्मेदार था। २६ फरवरी २०२६ को रामकेश बिना सूचना के चला गया। २७ फरवरी को जब वह कार्य स्थल पेट्रोल पम्प नही आया तो उसके घर व उसके फोन पर सम्पर्क किया लेकिन फोन बंद था और धाम मोहल्ला में जिस जगह वह वर्तमान में रहता था वह खाली मिला। ३-४ दिनों के इंतजार के बाद शंका होने पर पेट्रोल पम्प के हिसाब किताब की जांच की तो ७ लाख ८८ हजार २५० रूपए का हिसाब नही मिला जो कि आरोपी गबन करके लापता हो गया है।


Created On :   9 April 2026 2:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story