Panna News: मड़ला घाटी और भैरव टेक पर जाम का पहरा, वन्यजीवों और राहगीरों की जान जोखिम में

मड़ला घाटी और भैरव टेक पर जाम का पहरा, वन्यजीवों और राहगीरों की जान जोखिम में
नेशनल हाईवे-39 पर स्थित भैरव टेक और मड़ला घाटी इन दिनों यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। खराब सडक़ और तीखे मोड़ों के कारण यहाँ प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है।

Panna News: नेशनल हाईवे-39 पर स्थित भैरव टेक और मड़ला घाटी इन दिनों यात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बन गए हैं। खराब सडक़ और तीखे मोड़ों के कारण यहाँ प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है। स्थिति यह है कि पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें न केवल इंसानों के लिए परेशानी खडी कर रही हैं बल्कि शांत वातावरण में रहने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा पर भी बडा सवालिया निशान लगा रही हैं।

संकट में सफर, ट्रेनें छूट रही हैं पर्यटक परेशान

इस मार्ग पर जाम की कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। खजुराहो रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं क्योंकि कई बार जाम में फंसने के कारण उनकी ट्रेनें छूट जाती हैं। सडक़ों पर गहरे गढ्ढे, टूटी सुरक्षा दीवारें और संकरे रोड शोल्डर के कारण बडे वाहनों को क्रॉसिंग में दिक्कत होती है।

पर्यटन पर असर

पन्ना और खजुराहो आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को इस अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा है जिससे जिले की छवि भी धूमिल हो रही है।

टाइगर रिजर्व में शोर का खतरा

चूंकि यह क्षेत्र टाइगर रिजर्व का कोर एरिया है इसलिए यहाँ वाहनों का जमावडा और शोर-शराबा वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। वाहनों की लाइटें और हॉर्न का शोर जानवरों के प्राकृतिक व्यवहार को विचलित कर रहा है जिससे भविष्य में मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावना बढ़ सकती है।

प्रशासनिक उदासीनता, पार्क प्रबंधन की स्पष्टता

हैरानी की बात यह है कि जहाँ एक ओर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और स्थानीय प्रशासन सडक़ सुधार को लेकर सुस्त नजर आ रहे हैं वहीं पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने अपना रुख साफ कर दिया है।

इनका कहना है

हमें सडक़ सुधार या मरम्मत कार्य पर कोई आपत्ति नहीं है। देश के कई टाइगर रिजर्व से हाईवे गुजरते हैं और उनका रखरखाव होता है। यदि कोई एजेंसी अनुमति मांगती है तो हम तत्काल एनओसी प्रदान करेंगे। जाम से हमारे कर्मचारियोंं का काम भी प्रभावित होता है।

ब्रजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, फील्ड डायरेक्टर पन्ना टाइगर रिजर्व


Created On :   8 April 2026 2:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story