- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- अब 15 मई तक उठाएं समाधान योजना का...
Panna News: अब 15 मई तक उठाएं समाधान योजना का लाभ, बिजली सरचार्ज में मिलेगी छूट, अब तक जिले के 37 हजार से अधिक उपभोक्ता लाभांवित

Panna News: शासन के निर्देशानुसार बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं के लिए समाधान योजना संचालित की गई है। अब बिजली उपभोक्ता आगामी 15 मई तक बकाया बिजली बिलों का निराकरण अधिकतम छूट के साथ करा सकते हैं। बिजली सरचार्ज में छूट के साथ आर्थिक कारणों से अब तक अपना बिल जमा नहीं करा सके उपभोक्ता इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। अब तक पन्ना जिले के 37 हजार 329 उपभोक्ताओं द्वारा समाधान योजना का लाभ लिया गया है। इन उपभोक्ताओं द्वारा 9.15 करोड़ रूपए की बकाया राशि जमा की गई। इससे उपभोक्ताओं को 1.69 करोड़ रूपए के सरचार्ज की सीधी छूट मिली। यह योजना मुख्य रूप से स्थायी एवं अस्थायी घरेलू, गैर घरेलू, औद्योगिक तथा कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई है। योजना के तहत बकाया बिल राशि पर लगने वाले अधिभार में बडी छूट दी जा रही है।
योजना शासकीय कनेक्शनों पर लागू नहीं होगी। उपभोक्ता अपने नजदीकी विद्युत वितरण केन्द्र, एमपी ऑनलाइन कियोस्क अथवा बिजली विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस संबंध में जानकारी दी गई है कि वर्तमान में लगभग 80 हजार से अधिक उपभोक्ता पात्र होने के बावजूद योजना के लाभ से वंचित हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर 40.90 करोड़ रूपए की मूल बकाया राशि और 9.17 करोड़ रूपए का सरजार्च बकाया है। बढी हुई अवधि में विद्युत उपभोक्ताओं से अंतिम अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है। कार्यपालन अभियंता अमितेष मिश्रा ने बताया कि विद्युत कंपनी द्वारा जन-जन तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामवार शिविर भी लगाए जाएंगे। 120 विशेष समाधान केन्द्रों के जरिए विभागीय अधिकारियों द्वारा उपभोक्ताओं का पंजीयन कर बिल संबंधी विसंगति का तत्काल निराकरण किया जाएगा। साथ ही मौके पर ही छूट की गणना कर उपभोक्ताओं को तत्काल लाभांवित करने की कार्यवाई भी की जाएगी।
Created On :   8 April 2026 3:06 PM IST














