Panna News: टीएल बैठक में हुई लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा

टीएल बैठक में हुई लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा
कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के मौके पर विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर बेहतर रैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Panna News: कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के मौके पर विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर बेहतर रैकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्तमान में अप्रैल माह की सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण के दृष्टिगत समस्त डी ग्रेड विभाग वाले विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ अपेक्षित कार्रवाई पूर्ण कर अनिवार्य रूप से ए ग्रेड में आने के लिए निर्देशित किया गया। इसी तरह बी एवं सी ग्रेड वाले विभाग के अधिकारियों को भी समय पूर्व आवश्यक प्रयास कर वांछित प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती परमार ने टीएल बैठक में विभिन्न विभागों में अल्प वेतन पर कार्यरत कर्मचारियों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से लाभांवित करने के लिए कहा। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि 15 हजार रूपए अथवा कम वेतन पाने वाले समस्त पात्र कर्मचारियों को पीएम श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन करवाकर इसका लाभ दिलाया जाए।

इस दौरान विद्युत कंपनी के अधिकारी को अधिक बिजली बिल की शिकायतों तथा ईई पीएचई को पेयजल समस्या के निराकरण, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को डीएलसीसी बैठक के आयोजन तथा आरटीओ को शासन के नियम एवं निर्देश मुताबिक निरंतर रूप से वाहन चेकिंग अभियान के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस के विभागवार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने लंबित टीएल एवं जनसुनवाई पत्रों की समीक्षा कर सीएम हेल्पलाइन में एल-1 एवं एल-2 स्तर पर नॉट अटेंड शिकायतों की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी दिवसों में इस स्थिति पर संबंधित के विरूद्ध जिम्मेवारी तय कर कार्यवाही की जाएगी। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को आम जनता के हित में मूल कार्य पर फोकस करने के निर्देश दिए गए। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विभागीय कार्यों के क्रियान्वयन में लापरवाही पर असंतोष भी जताया।

एएनसी महिलाओं के पंजीयन व स्वास्थ्य कार्य की करें निगरानी

टीएल बैठक में आयुष्मान कार्ड बनाने की दिक्कतों एवं समस्याओं पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को हमेशा सजग एवं अलर्ट रहकर जनहित की समस्याओं के निदान के संबंध में हिदायत दी। जल गंगा अभियान में विभागवार गतिविधियों एवं लगातार प्रगति के लिए निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गांव-गांव टीम भेजकर एएनसी महिलाओं के पंजीयन तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का चिन्हांकन कर इनके विरूद्ध वेतनवृद्धि रोकने का प्रस्ताव प्रेषित करने के लिए कहा। इसके अतिरिक्त जेके सेम के सहयोग से पोषण पुर्नवास केन्द्रों में निरंतर रूप से पोषण किट के वितरण, नरवाई जलाने के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही के निर्देश भी दिए। शासकीय विभागों को जमीन आवंटन एवं उच्च न्यायालय में अवमानना प्रकरणों में कार्यवाही की समीक्षा भी हुई।

उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को न हो समस्या

जिला कलेक्टर ने टीएल बैठक में गेहंू उपार्जन कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी खरीदी केन्द्रों पर चाक चौबंद प्रबंध रहें। प्रतिदिन की व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग की जाए। बारिश की संभावना पर समय पूर्व आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की जाए। छाया व पेयजल सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं केन्द्रों पर सतत रूप से उपलब्ध रहें। कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदार से चर्चा कर गेहंू उपार्जन केन्द्रों पर किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण कराने के लिए कहा। लापरवाही अथवा शिकायत पर संबंधित केन्द्र पर टीम भेजकर उचित व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए। खरीदी केन्द्र गौरा की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए निर्देशित किया गया।

Created On :   5 May 2026 4:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story