- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़े गए...
Panna News: रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़े गए बाघ की संदिग्ध मौत, पन्ना टाइगर रिजर्व के अमानगंज बफर के हाथी डोल में मिला शव

Panna News: पन्ना टाइगर रिजर्व बफर परिक्षेत्र अमानगंज अंतर्गत रमपुरा बीट के हांथी डोल क्षेत्र में एक नाले के पास 02 वर्षीय बाघ की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। जिस 02 वर्षीय बाघ की मौत हुई है उसे पन्ना टाइगर रिजर्व द्वारा 09 दिन पूर्व 26 अप्रैल को ग्राम तारा के समीप ट्रांकुलाइजर गन से बेहोश कर रेस्क्यू किया गया था और रेस्क्यू के बाद रेडियो कॉलर पहनाकर जंगल में छोड़ा गया था। रेस्क्यू के बाद महज 09 दिन के अंतराल में सतत निगरानी में रहे बाघ की मौत ने वन्यजीव सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। युवा नर बाघ की मौत की जानकारी आज 05 मई मंगलवार को सुबह 06:30 बजे तब सामने आई जब जंगल में नाले के पास मृत बाघ का शव पड़ा हुआ देखा गया। पीटीआर के स्थानीय अमले द्वारा इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई जिसके बाद पन्ना टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर बृजेन्द्र श्रीवास्तव, उपसंचालक बी.के.पटेल सहित वनविभाग के अन्य अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए।
यह भी पढ़े -वन क्षेत्र में घुसे व्यक्ति पर तेंदुए ने किया हमला, वन विभाग की तत्परता से मिला समय पर उपचार
मृत बाघ के अंगो में मिले घाव के निशान
पीटीआर के अधिकारियों द्वारा घटना स्थल को सुरक्षित किया गया व डॉग स्क्वायड की सहायता से स्थल व उसके आसपास छानबीन की गई। मृत बाघ का पोस्टमार्टम पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता एवं पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका सिंह द्वारा किया गया। उपसंचालक पन्ना टाइगर रिजर्व बी.के. पटेल ने बताया कि चिकित्सक दल द्वारा पोस्टमार्टम के उपरांत बताया गया है कि बाघ के शरीर के विभिन्न अंगो में घाव के निशान हैं वर्टेबृल बोन और स्कल बोन भी टूटी पाई गई जिससे यह प्रतीत होता है कि प्रथम दृष्टया बाघ की मृत्यु आपसी संघर्ष के कारण हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। पोस्टमार्टम के लिए गए सैम्पल सक्षम प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेज दिए गए है। मृत बाघ के शव के पोस्टमार्टम उपरांत वरिष्ठ अधिकरियों की उपस्थिति में शव दाह की कार्यवाही की गई।
यह भी पढ़े -द्वारका-सोमनाथ की यात्रा के लिए 26 मई को खजुराहो से रवाना होंगे तीर्थयात्री, 12 मई तक यात्रा लिए कर सकते हैं आवेदन
एक पखवाड़े में बाघ के मौत की दूसरी घटना
पन्ना टाइगर रिजर्व में वन्यप्राणियों की सुरक्षा पर सामने आ रही घटनाओं से सवाल खडे हो रहे है। एक पखवाड़े के दौरान बाघ की मौत की यह दूसरी घटना है। दिनांक 21 अप्रैल को पन्ना टाइगर रिजर्व के गंगऊ अभ्यारण के कटरिया बीट में मुख्य मार्ग से मात्र 100 मीटर की दूरी पर बाघ का क्षत-विक्षत कंकाल मिला था और इसके बाद आज फिर एक युवा नर बाघ जिसकी 24 घंटे रेडियों कॉलर से निगरानी की जा रही थी मौत की घटना सामने आई है।
Created On :   6 May 2026 1:37 PM IST













