- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- प्रत्येक मंगलवार अनिवार्य जनसुनवाई,...
Panna News: प्रत्येक मंगलवार अनिवार्य जनसुनवाई, लापरवाहों पर होगी कार्यवाही: सीईओ शिवम वर्मा

Panna News: जनपद पंचायत शाहनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा ने ग्राम पंचायतों में जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक मंगलवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक सभी ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित करना अनिवार्य होगा। कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार कलेक्टर पन्ना के पूर्व निर्देशों के बावजूद कई पंचायतों में जनसुनवाई का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ पंचायतों में जनसुनवाई के समय कार्यालय बंद पाए गए जिससे अधिकारियोंं की लापरवाही और उदासीनता उजागर हुई है।
अब नए निर्देशों के तहत जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों का विधिवत रजिस्टर में संधारण, आवेदक की फोटो तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के बाद संतुष्टिपूर्वक प्रकरण बंद करना सुनिश्चित करना होगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का भी प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित अधिकारी की होगी।
Created On :   6 May 2026 1:31 PM IST














