- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना के मेहमानों में थिरथिरा का...
Panna News: पन्ना के मेहमानों में थिरथिरा का जलवा, प्रवासी पक्षी ब्लैक रेडस्टार्ट की शानदार वापसी

Panna News: जिले का प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण न केवल सैलानियों को बल्कि प्रवासी और दुर्लभ पक्षियों को भी खूब रास आ रहा है। सर्दियों की दस्तक के साथ ही यहां के आसमान और जमीन दोनों पर नए रंग और आवाजें सुनाई देने लगी हैं। इन्हीं में से एक खास मेहमान है ब्लैक रेडस्टार्ट जिसे स्थानीय लोग थिरथिरा या काला थिरथिरा के नाम से जानते हैं। हाल ही में आबकारी उपनिरीक्षक और पर्यावरण प्रेमी मुकेश पाण्डेय ने इस खूबसूरत और फुर्तीले पक्षी को अपने कैमरे में कैद किया है। उनकी खींची गई तस्वीरें और ब्लैक रेडस्टार्ट के बारे में दी गई जानकारी इस प्रवासी पक्षी के जीवन और पन्ना में इसकी उपस्थिति के बारे में कई दिलचस्प पहलू उजागर करती हैं।
यह भी पढ़े -जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए फील्ड ट्रेनर्स नामांकित, एक से 3 अप्रैल तक होगा प्रशिक्षण
ब्लैक रेडस्टार्ट की पहचान, नारंगी-लाल पूंछ और थरथरकंपा की आदत
ब्लैक रेडस्टार्ट एक छोटा लेकिन बेहद आकर्षक प्रवासी पक्षी है। इसकी सबसे बडी पहचान इसकी चमकीली नारंगी-लाल पूंछ है जो इसके गहरे स्लेटी-काले शरीर के साथ एक खूबसूरत कंट्रास्ट बनाती है। यह पक्षी अपनी एक अनोखी आदत के लिए भी जाना जाता है। यह लगातार अपनी पूंछ को हिलाता या कँपाता रहता है। इसी आदत के कारण इसे थरथरकंपा भी कहा जाता है।
नर और मादा में अंतर
नर ब्लैक रेडस्टार्ट गहरे स्लेटी-काले रंग का होता है और इसकी पूंछ का नारंगी-लाल रंग उड़ते समय बहुत स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। मादा धुएँ के रंग की भूरी होती है लेकिन उसकी पूंछ भी नारंगी-लाल होती है जो उसे नर से अलग करती है।
आकार और वजन
यह पक्षी लगभग 15 सेंटीमीटर (6 इंच) लंबा होता है और इसका वजन लगभग 20 ग्राम होता है। यह एक बहुत ही सतर्क और फुर्तीला पक्षी है जो अक्सर पत्थर या ऊँची जगह पर बैठकर अपनी पूंछ को हिलाता रहता है।ब्लैक रेडस्टार्ट मुख्य रूप से हिमालयी क्षेत्रों में प्रजनन करता है। सर्दियों (अक्टूबर से मार्च) में यह ठंड से बचने के लिए भारत के मैदानी भागों में आ जाता है। यह आमतौर पर सर्दियों में खुले पहाड़ी इलाकों, पुराने मकानों और चट्टानों पर पाया जाता है।यह पक्षी जमीन पर कीड़े-मकोड़े पकडक़र खाता है। इसकी सतर्कता और फुर्ती इसे शिकार करने में मदद करती है।
पन्ना में ब्लैक रेडस्टार्ट की उपस्थिति का महत्व
पन्ना जिले में ब्लैक रेडस्टार्ट की उपस्थिति यहां के समृद्ध वन्य जीवन और अनुकूल पर्यावरण का प्रतीक है। यह पक्षी न केवल पन्ना की जैव विविधता को बढ़ाता है बल्कि पक्षी प्रेमियों और शोधकर्ताओं के लिए भी आकर्षण का केंद्र है। मुकेश पाण्डेय द्वारा खींची गई तस्वीरें और दी गई जानकारी इस पक्षी के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इसके संरक्षण में मदद करेगी।ब्लैक रेडस्टार्ट की पन्ना में वापसी प्रकृति प्रेमियों और पक्षी प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। यह पक्षी पन्ना के प्राकृतिक सौंदर्य में और भी रंग भर देता है और हमें यह याद दिलाता है कि हमें अपने पर्यावरण का संरक्षण करना कितना महत्वपूर्ण है।
Created On :   16 March 2026 1:20 PM IST













