Panna News: वर्धमान पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया देवेंद्र नगर थाने का शैक्षिक भ्रमण

वर्धमान पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने किया देवेंद्र नगर थाने का शैक्षिक भ्रमण
एसडीओपी पन्ना व थाना प्रभारी संतोष यादव ने समझाई पुलिस की कार्यप्रणाली, बच्चों की जागरूकता ने किया प्रभावित

डिजिटल डेस्क,पन्ना। वर्धमान पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देवेंद्र नगर थाने का शैक्षिक भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान एसडीओपी पन्ना एवं थाना प्रभारी संतोष यादव ने बच्चों को कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और पुलिस की जिम्मेदारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वायरलेस सेट, शस्त्रागार, कंप्यूटर रूम सहित थाने के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराकर उनकी कार्यप्रणाली समझाई गई। बच्चों को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए डायल 112 और साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।

बच्चों के सामान्य ज्ञान ने जीता अधिकारियों का दिल

भ्रमण के दौरान उस समय खास स्थिति बनी, जब थाना प्रभारी संतोष यादव ने बच्चों से जिले की पुलिस अधीक्षक का नाम पूछा। महज 5 से 10 वर्ष की आयु के विद्यार्थियों ने एक स्वर में पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू का नाम बताया। बच्चों की जागरूकता और सामान्य ज्ञान से थाना प्रभारी संतोष यादव एवं एसडीओपी पन्ना काफी प्रभावित हुए।

चॉकलेट बांटकर बढ़ाया बच्चों का उत्साह

बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए थाना प्रभारी संतोष यादव ने विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने प्रत्येक बच्चे से हाथ मिलाकर आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें सहज महसूस कराया। थाना प्रभारी के इस व्यवहार ने बच्चों के मन में पुलिस के प्रति अपनापन और विश्वास बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।

वर्धमान पब्लिक स्कूल की यह पहल बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी, सामान्य ज्ञान और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का सराहनीय उदाहरण बनी। वहीं, थाना प्रभारी संतोष यादव एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा बच्चों के साथ आत्मीय व्यवहार करते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां देना पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय पहल रही।

Created On :   13 Oct 2026 5:14 PM IST

Tags

Next Story