Bhojpuri singer Khesari Lal Yadav: हमेशा हमारी आस्था को...छठ पर भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव का फूटा गुस्सा

डिजिटल डेस्क, पटना। भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने छठ महापर्व के मौके पर धार्मिक आस्था और त्योहारों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एक्स पर एक वीडियों शेयर करते हुए उन्होंने त्योहारों को निशाना बनाने वालों पर नाराजगी जताई। खेसारी ने कहा कि आखिर कार हर बार हमारी आस्था, त्योहारों और लोगों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है?
खेसारी लाल यादव ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कई सवाल किए। उन्होंने पूछा कि आखिर हर बार हमारी ही आस्था और हमारे त्योहारों, हमारे लोगों को ही निशाना क्यों बनाया जाता है? छठ पूजा करोड़ों लोगों की आस्था, विश्वास और सदियों पुरानी हमारी सांस्कृतिक परंपरा का पावन प्रतीक है।
क्या छठ महापर्व हिंदू समुदाय के लोगों का पर्व नहीं है? करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं और परंपराओं का सम्मान कौन सुनिश्चित करेगा? और जब ऐसे मुद्दे सामने आते हैं, तो जिम्मेदार लोग खुलकर अपनी बात क्यों नहीं रखते?
यह देखकर दुःख होता है कि इस विषय पर अपेक्षित संवाद और स्पष्टता दिखाई नहीं देती। आज सरकार मजबूत स्थिति में है। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड की जनता ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी आस्था और भावनाओं का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है।
सवाल किसी के विरोध का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता, आपसी सम्मान और समान व्यवहार का है।
आखिर ऐसा माहौल क्यों न बने, जहां हर व्यक्ति अपनी परंपरा और आस्था का पालन बिना किसी भेदभाव और अनावश्यक रोक-टोक के कर सके? आस्था का सम्मान हो, संवाद बना रहे और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों, ऐसी कामना करता हूं।
Created On :  
