- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- तीन महीने से अनुपस्थित 63 शिक्षक,...
Pune City News: तीन महीने से अनुपस्थित 63 शिक्षक, कार्रवाई के बजाय छुट्टी मंजूरी विवाद में

भास्कर न्यूज,पुणे। हवेली तहसील के 34 गांवों को पुणे महानगरपालिका में शामिल किए जाने के बाद लगभग 420 शिक्षकों का दुर्गम क्षेत्रों की स्कूलों में समायोजन किया गया था। बावजूद इसके, बदली किए गए 63 शिक्षक पिछले तीन महीनों से अपने नए नियुक्ति स्थलों पर अनुपस्थित हैं।
इस मामले में पहले भी रिपोर्ट सामने आ चुकी हैं, जिनमें यह स्पष्ट हुआ था कि कई शिक्षकों ने नए स्थानों पर जॉइन ही नहीं किया। इतना ही नहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी के आदेशों का भी उल्लंघन किया गया है। इसके बावजूद संबंधित तहसीलों के कई गट शिक्षण अधिकारियों ने न तो इन शिक्षकों को कार्यमुक्त किया और न ही उनकी अनुपस्थिति की रिपोर्ट जिला परिषद को भेजी।
नियमों के अनुसार, महाराष्ट्र जिला परिषद जिला सेवा (आचरण) नियम 1967 के नियम 3 का उल्लंघन करने पर संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अपेक्षित है। हालांकि, अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उलटे, गैरहाजिर शिक्षकों की छुट्टियां मंजूर करने की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी सामने आने से प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस पूरे प्रकरण ने शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के चलते शिक्षक व अभिभावक वर्ग में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
इस संबंध में प्राथमिक शिक्षा अधिकारी संजय नाईकडे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी गट शिक्षण अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नियमों के अनुसार विस्तृत जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Created On :   3 April 2026 3:19 PM IST












