Pune City News: महावितरण की अभय योजना में अब तक 94 लाख रुपए जमा

भास्कर न्यूज, पुणे। बिजली बिल का बकाया होने के कारण जिन उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन स्थायी रूप से काट दिया गया है, उन्हें दोबारा बिजली कनेक्शन लेने का अवसर देने के लिए महावितरण की ओर से अभय योजना चलाई जा रही है। इस योजना को पुणे विभाग में अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। अब तक 3,507 बिजली उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया है। इनमें से 648 उपभोक्ताओं ने कुल 94 लाख 34 हजार रुपए जमा किए हैं।
इस योजना के तहत बकाया बिजली बिल पर लगने वाला 100 प्रतिशत ब्याज और विलंब शुल्क माफ किया जाएगा। इसके अलावा मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने पर 20 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी। जिन उपभोक्ताओं के लिए एक साथ पूरी राशि जमा करना संभव नहीं है, उनके लिए ब्याजमुक्त किस्तों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पात्र उपभोक्ता 15 जनवरी तक इस योजना में शामिल हो सकते हैं।
पुणे विभाग के 2.82 लाख उपभोक्ता पात्र
महावितरण के पुणे विभाग में कुल 2 लाख 82 हजार 977 उपभोक्ता इस योजना के लिए पात्र हैं। इनमें 212 उच्चदाब उपभोक्ताओं पर 72 करोड़ 6 लाख रुपए और 2 लाख 82 हजार 765 निम्नदाब एवं निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं पर 425 करोड़ 95 लाख रुपए की बकाया राशि है।
योजना के तहत अब तक 3,507 उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें से 648 उपभोक्ताओं ने बकाया राशि के रूप में 94.34 लाख रुपए जमा किए हैं। इस योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा महावितरण के कार्यकारी संचालक दिनेश अग्रवाल ने पुणे विभाग में की। इस दौरान गणेशखिंड विभाग के अधीक्षक अभियंता सिंहाजीराव गायकवाड, कार्यकारी अभियंता विश्वनाथ लहाने और अतिरिक्त कार्यकारी अभियंता नितीन गिते उपस्थित थे।
15 दिसंबर तक एकमुश्त भुगतान पर मिलेगी अतिरिक्त छूट
योजना के तहत मूल बकाया राशि की अवधि के अनुसार 10 से 20 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। इस विशेष अर्ली बर्ड इंसेंटिव का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को 15 दिसंबर तक पूरी बकाया राशि एकमुश्त जमा करनी होगी। इसके बाद यह विशेष छूट उपलब्ध नहीं होगी। एकमुश्त भुगतान नहीं कर पाने वाले उपभोक्ताओं के लिए ब्याजमुक्त किस्तों का विकल्प भी रखा गया है। महावितरण के कार्यकारी संचालक दिनेश अग्रवाल ने पात्र उपभोक्ताओं से निर्धारित समय में योजना का लाभ लेने की अपील की है।
भोसरी के औद्योगिक उपभोक्ता ने जमा किए 38.33 लाख रुपए
अभय योजना के तहत भोसरी के एक औद्योगिक उपभोक्ता ने भी बकाया राशि चुकाने के लिए आवेदन किया है। इस उपभोक्ता ने अपने बकाया बिजली बिल के भुगतान के लिए महावितरण के कार्यकारी संचालक दिनेश अग्रवाल को 38 लाख 33 हजार रुपए का चेक सौंपा। महावितरण के अनुसार, योजना के माध्यम से पुराने बकायेदारों को राहत देने और बिजली कनेक्शन दोबारा शुरू करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है।
पुणे विभाग में योजना की स्थिति
विभाग आवेदन भुगतान करने वाले ग्राहक जमा राशि (लाख रुपए)
रास्ता पेठ शहर 609 169 21.53
गणेशखिंड शहर 770 246 44.24
पुणे ग्रामीण 2,128 233 28.57
कुल 3,507 648 94.34
Created On :  
