Pune City News: पुणे में कचरा फैलाया तो लगेगा 1 लाख रुपए जुर्माना, पांचवीं बार दुकान होगी सील

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में गंदगी फैलाने और सार्वजनिक स्वच्छता के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुणे मनपा अब सख्त कार्रवाई करेगी। निजी खुली जगहों, दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फेरीवाला जोन में कचरा मिलने पर संबंधित लोगों से 10 हजार रुपए से लेकर 1 लाख रुपए तक जुर्माना वसूला जाएगा। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर दुकान या प्रतिष्ठान सील करने के साथ फेरीवालों का व्यावसायिक लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। मनपा के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में कार्यालयीन परिपत्र जारी किया है। मनपा उपायुक्त संतोष वारुले ने नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
दरअसल, पिछले सप्ताह मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की घोषणा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि निजी खुली जगहों पर कचरा मिलने पर संबंधित जगह के मालिकों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने नया परिपत्र जारी किया है। इसमें केंद्र सरकार के ठोस कचरा प्रबंधन नियम 2016 और मनपा अधिनियम 1949 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से इन नियमों को लागू किया जाएगा।
निजी खुली जगहों के मालिकों को 3 दिन की मोहलत
शहर में कई निजी खुली जगहों पर लंबे समय से कचरे के ढेर जमा हैं। अब ऐसी जगहों पर कचरा मिलने पर संबंधित मालिक को जिम्मेदार माना जाएगा। क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त की ओर से मालिक को नोटिस जारी कर 3 दिन में सफाई करने का निर्देश दिया जाएगा। इस दौरान कचरा हटाने के साथ जगह के चारों ओर नया टीन का कंपाउंड लगाकर उसे बंद करना भी अनिवार्य होगा।
निर्धारित समय में सफाई नहीं करने पर मनपा खुद कर्मचारियों और मशीनरी की मदद से कचरा हटाएगी। इस पर होने वाला पूरा खर्च संबंधित मालिक से जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा। जुर्माना नहीं भरने पर यह राशि संपत्ति कर में जोड़ दी जाएगी। कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सफाई से पहले और बाद की जियो-टैग तस्वीरें भी सुरक्षित रखी जाएंगी।
दुकानों के सामने गंदगी मिलने पर एक दिन में करनी होगी सफाई
दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने का परिसर साफ रखने की जिम्मेदारी संबंधित दुकान मालिक या किराएदार की होगी। परिसर में कचरा मिलने पर नोटिस देकर एक दिन का समय दिया जाएगा। इसके बाद भी सफाई नहीं करने पर चरणबद्ध तरीके से जुर्माना लगाया जाएगा।
इसी तरह अधिकृत फेरीवाला जोन में व्यवसाय करने वाले फेरीवालों को भी अपने आसपास का परिसर साफ रखना होगा। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग जमा करने के लिए दो अलग कूड़ेदान रखना अनिवार्य होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांचवीं बार उल्लंघन पर दुकान सील, लाइसेंस होगा रद्द
दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और फेरीवालों के लिए जुर्माने की कार्रवाई पांच चरणों में होगी। पहली बार नियम तोड़ने पर 10 हजार रुपए, दूसरी बार 20 हजार रुपए, तीसरी बार 50 हजार रुपए और चौथी बार 1 लाख रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। पांचवीं बार उल्लंघन पाए जाने पर व्यावसायिक दुकान या प्रतिष्ठान सील कर दिया जाएगा। वहीं, फेरीवालों का व्यावसायिक लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
मनपा प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए केवल मनपा के सफाई कर्मचारियों पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। नागरिकों, दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों और फेरीवालों को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। नए नियमों के माध्यम से कचरा फैलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
Created On :  
