Pune News: अजित पवार के नेतृत्व में फिर से सत्ता में वापसी करेगी रांका

अजित पवार के नेतृत्व में फिर से सत्ता में वापसी करेगी रांका

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। 'अब की बार सौ पार' का नारा बुलंद करते हुए भाजपा ने स्वबल पर पिंपरी चिंचवड़ मनपा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस नारे की हवा विधानसभा उपसभापति अन्ना बनसोड़े ने निकाल दी। बनसोड़ ने भाजपा को याद दिलाने की कोशिश की कि, राष्ट्रवादी कांग्रेस की बदौलत ही भाजपा को पिंपरी चिंचवड़ मनपा की सत्ता मिली थी। बनसोड़े ने दावा किया कि भाजपा, कांग्रेस और शिवसेना के कई कार्यकर्ता राष्ट्रवादी में शामिल होने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने यह भी यकीन दिलाया कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में हम आगामी चुनाव में फिर सत्ता में वापसी करेंगे।

- पिंपरी-चिंचवड़ का विकास उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में ही हुआ

बात को आगे बढ़ाते हुए बनसोड़े ने कहा कि यह सभी को भलीभांति ज्ञात है कि पिंपरी-चिंचवड़ का विकास उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में हुआ है। 2017 के आम चुनाव से पहले 15 साल तक मनपा में राष्ट्रवादी की सत्ता थी। 2017 में भाजपा मनपा में सत्ता सिर्फ इसलिए हासिल कर सकी क्योंकि हमारे कई नगरसेवक भाजपा में चले गए। मगर अब हालात बदल चुके हैं, अब भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं पूर्व नगरसेवक राष्ट्रवादी में शामिल होने के लिए इच्छुक हैं। आने वाले चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस सबसे अधिक सीटें जीतेगी और मनपा पर फिर से राष्ट्रवादी का झंडा लहराएगा।

- स्वबल पर लड़कर भी निभाएंगे गठबंधन का धर्म

उपसभापति ने स्पष्ट किया कि राज्य में महायुति सरकार है और सभी घटक दलों भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार), शिवसेना (शिंदे), और आरपीआई (आठवले) को गठबंधन का धर्म निभाना चाहिए। आठ साल बाद मनपा चुनाव होने जा रहे हैं, हर पार्टी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उम्मीदवार की रेस में हैं। सभी को चुनाव लड़ने का अवसर मिल सके इसलिए हर पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि भले ही हर पार्टी अपने दम पर लड़े, लेकिन आपसी तालमेल और सम्मान कायम रहना चाहिए। राष्ट्रवादी कांग्रेस विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी, न कि किसी पर आरोप लगाकर। अजित पवार के नेतृत्व में शहर ने जो विकास देखा, वही हमारा सबसे बड़ा मुद्दा रहेगा।

-अंतिम निर्णय अजित पवार का ही

अन्ना बनसोड़े ने दावा किया कि भाजपा, कांग्रेस और शिवसेना के कई कार्यकर्ता राष्ट्रवादी कांग्रेस में शामिल होने को उत्सुक हैं। जैसे-जैसे चुनाव नज़दीक आएंगे, वैसे-वैसे इनका प्रवेश बढ़ेगा। अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी फिर से बहुमत के साथ सत्ता में आएगी, ऐसा विश्वास उन्होंने व्यक्त किया। राष्ट्रवादी पार्टी में संभावित कलह पर पूछे गए सवाल पर बनसोडे ने कहा, राष्ट्रवादी में हजारों कार्यकर्ता हैं। मतभेद स्वाभाविक हैं, परंतु सभी अजित पवार के नेतृत्व को स्वीकार करते हैं। कौन टिकट पाएगा, विधानसभा चुनाव में किसने पार्टी का प्रचार किया, किसने खिलाफत की, अजित पवार सब जानते हैं। आगामी चुनाव भी उनके नेतृत्व में लड़ा जायेगा, इसलिए अंतिम निर्णय उन्हीं का होगा, और हम सभी उनके निर्णय का पालन करेंगे।

Created On :   27 Oct 2025 4:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story