Pune City News: 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे डॉ. शरणकुमार लिंबाले

भास्कर न्यूज, पुणे। पुणे में आयोजित होने वाले 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरणकुमार लिंबाले का चयन किया गया है। मंगलवार (24 नवंबर) को अखिल भारतीय मराठी साहित्य महामंडल की बैठक में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। सरस्वती सम्मान से सम्मानित डॉ. लिंबाले मराठी साहित्य जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों में शामिल हैं। यह ऐतिहासिक सम्मेलन 28 से 31 जनवरी तक सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।
इस सम्मेलन का आयोजन महाराष्ट्र साहित्य परिषद (मसाप) की ओर से किया जा रहा है, जबकि समर्थ युवा फाउंडेशन सह-आयोजक है। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सोमवार (23 नवंबर) को मार्गदर्शक समिति की बैठक हुई थी। इसके बाद मंगलवार को साहित्य महामंडल की बैठक में अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।
अध्यक्ष पद की दौड़ में चार नाम थे
सम्मेलन के अध्यक्ष पद के लिए डॉ. शरणकुमार लिंबाले के अलावा वरिष्ठ विचारक डॉ. शेषराव मोरे, साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त लेखक एवं अनुवादक चंद्रकांत भोंजाल और प्रसिद्ध कवि प्रवीण दवणे के नाम भी चर्चा में थे। दूसरी ओर, महाराष्ट्र साहित्य परिषद के कार्यकारी मंडल के अधिकांश सदस्यों ने वरिष्ठ पत्रकार विजय कुवलेकर (पुणे), लेखक रमेश पतंगे (मुंबई) और लेखक, उपन्यासकार एवं प्रकाशक बाबा भांड (छत्रपति संभाजीनगर) के नाम सुझाए थे।
इस संबंध में परिषद के सदस्यों ने साहित्य महामंडल के उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम सप्रे को पत्र लिखकर बहुमत की राय का सम्मान करते हुए सुझाए गए नामों में से किसी एक को अध्यक्ष बनाने की मांग की थी। हालांकि, महामंडल की बैठक में डॉ. शरणकुमार लिंबाले के नाम पर सहमति बनी।
18 करोड़ रुपए के बजट से सादगी से होगा आयोजन
100वें साहित्य सम्मेलन और इससे जुड़े कार्यक्रमों के लिए राज्य सरकार के मराठी भाषा विभाग ने कुल 18 करोड़ रुपए के अनुदान की घोषणा की है। हालांकि, राज्य में सूखे की स्थिति को देखते हुए सम्मेलन के लिए घोषित राशि सूखा राहत कोष में देने और आयोजन को सादगी से करने पर विचार किया जा रहा है।
इसके अलावा, सम्मेलन की निर्धारित अवधि में ही पुणे में पुणे ग्रैंड टूर का आयोजन भी प्रस्तावित है। ऐसे में साहित्य सम्मेलन की तारीखों में बदलाव होने की संभावना भी जताई जा रही है।
2010 में भी सम्मेलन की अध्यक्षता कर चुके हैं लिंबाले
डॉ. शरणकुमार लिंबाले वर्ष 1986 से 1992 तक सोलापुर आकाशवाणी केंद्र में उद्घोषक के रूप में कार्यरत थे। इसके बाद उन्होंने यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय में सेवाएं दीं और वहां से सेवानिवृत्त हुए। उनके अब तक 40 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं।
उनकी आत्मकथा अक्करमाशी का कई भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें सरस्वती सम्मान से भी सम्मानित किया गया है। इससे पहले वर्ष 2010 में बार्शी में आयोजित राज्यस्तरीय अंकुर मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली थी। अब 100वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन की अध्यक्षता उनके हाथों में होगी।
Created On :  
