- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- जंक्शन इंप्रूवमेंट के कारण संकरा...
Pune City News: जंक्शन इंप्रूवमेंट के कारण संकरा हुआ अहिल्याबाई होलकर चौक

भास्कर न्यूज, पिंपरी-चिंचवड़। महानगरपालिका मुख्य कार्यालय के सामने पुराने मुंबई-पुणे महामार्ग से लगे अहिल्याबाई होलकर चौक की मुख्य सड़क पर सीमेंट के ब्लॉक से बैरिकेडिंग करने से लोग, वाहन चालक और व्यापारियों में तीव्र नाराजगी है। पहले से ही यातायात जाम और भीड़ से ग्रस्त यह मार्ग, महानगरपालिका के नए प्रयोग के कारण और अधिक संकरा हो गया है। सुशोभीकरण और जंक्शन इम्प्रूव्हमेंट के नाम पर मुख्य सड़क को संकरा करने से यातायात जाम बढ़ रहा है। मोरवाड़ी स्थित अहिल्याबाई होलकर चौक व्यस्ततम मार्ग है। अर्बन स्ट्रीट और चौक के सुशोभीकरण के नाम पर पहले ही यह मार्ग संकरा किया जा चुका है। चौक में स्क्रैप सामग्री से बनी घोड़े की प्रतिमा स्थापित की गई है। इसके लिए बड़ा चबूतरा बनाया गया है। एक और सुशोभीकरण कर सर्कल बनाया गया है। इसके कारण चौक में आवागमन का मार्ग संकरा हो गया है।
- यातायात जाम पर ट्रैफिक पुलिस की अनदेखी
अब जंक्शन इंप्रूवमेंट के नाम पर सीमेंट ब्लॉक डालकर फिर से कैरेज वे कम किया जा रहा है। बिना जरूरत के यह प्रयोग शुरू किया गया है, जिससे नागरिकों के लिए बाधाएं आ रही हैं। चौक में बीआरटी, मेट्रो, रिक्शा स्टैंड और बस स्टॉप के कारण पहले से ही यातायात बाधित होता है। फिर भी महानगरपालिका ने कोई पूर्व सूचना दिए बिना यह निर्णय लिया है। मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के नीचे रिक्शा स्टैंड बनाया गया है। सड़क के बीच में रिक्शा खड़े होने से चौक के वाहन जल्दी आगे नहीं बढ़ पाते हैं। नागरिकों की लगातार मांग है कि इस रिक्शा स्टैंड को लगभग 100 मीटर दूर स्थानांतरित किया जाए, जिससे यातायात का प्रवाह सुचारू रहेगा, लेकिन प्रशासन इस ओर अनदेखी कर रहा है। ट्रैफिक पुलिस भी इस ओर अनदेखी करती है। इसके विपरीत, चौक पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी वाहन चालकों पर जुर्माना लगाने में व्यस्त रहते हैं। मेट्रो के काम, रिक्शा स्टैंड, अर्बन स्ट्रीट जैसे कारणों से चौक में यातायात जाम होता है, लेकिन इसे हल करने की ओर महानगरपालिका सहित यातायात पुलिस का भी दुर्लक्ष होता है।
महानगरपालिका के अधिकारी आज शहर में तैनात हैं, कल नहीं होंगे। लेकिन हम स्थानीय लोग यही हैं। इसलिए इस बदलाव का कष्ट हमें सहना पड़ेगा। जंक्शन इंप्रूवमेंट के नाम पर सड़क को संकरा करने का हमारा विरोध है। प्रशासन तुरंत इन ब्लॉकों को हटाए, अन्यथा हम आंदोलन करेंगे।
- शैलेश मोरे, पूर्व नगरसेवक
जब मनपा ने चौक में ब्लॉक बिछाए, तो यातायात विभाग ने मनपा को सूचित किया था कि इससे चौक में यातायात जाम होगा। लेकिन मनपा ने अनदेखी की। यातायात विभाग ने स्ट्रीट डिज़ाइन की परियोजना पर भी कोई उत्तर नहीं दिया है।
- वर्षारानी पाटिल, पुलिस निरीक्षक, पिंपरी यातायात विभाग
जंक्शन इंप्रूवमेंट के नाम पर पैसों की बर्बादी कर सड़क को संकरा करने का काम शुरू है। भविष्य में इसी काम को हटाने के लिए भी पैसे खर्च किए जाएंगे। इससे पैसे की बर्बादी होगी। इससे कुछ भी हासिल नहीं होगा।
- जितेन बलवीर, व्यापारी, पिंपरी
Created On :   3 Nov 2025 4:07 PM IST












