- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- तेंदुए ने पांच साल की बच्ची को...
Pune City News: तेंदुए ने पांच साल की बच्ची को बनाया शिकार

भास्कर न्यूज, पुणे। शिरूर तहसील के पिंपलसुटी गांव में तेंदुए के हमले में पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। बुधवार तड़के तेंदुआ जानवरों के बाड़े में घुस आया और वहां सो रही बच्ची को उठाकर ले गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजनों की नींद खुली, लेकिन तब तक तेंदुआ उसे लेकर गन्ने के खेत की ओर जा चुका था।
मृत बच्ची की पहचान भाग्यश्री संदीप वारे (5) के रूप में हुई है। बच्ची का परिवार मूल रूप से अहिल्यानगर जिले के पाथर्डी तहसील के करोडी गांव का रहने वाला है। फिलहाल परिवार शिरूर के पिंपलसुटी गांव में मच्छिंद्र प्रल्हाद भोसले के गोठे में काम करता था।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार तड़के करीब 2.40 बजे हुई। भाग्यश्री अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सो रही थी। इसी दौरान तेंदुआ बाड़े में घुसा और बच्ची को उठाकर ले गया। परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग, पुलिस और ग्रामीणों ने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ देर बाद बच्ची गन्ने के खेत में गंभीर रूप से घायल हालत में मिली। उसे इलाज के लिए न्हावरे ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिरूर पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु का केस दर्ज किया है। घटना के बाद पिंपलसुटी गांव में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
वन विभाग के अधिकारियों प्रशांत खड़े, स्मिता राजहंस और तालुका वन अधिकारी नीलकंठ गव्हाणे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में पहले भी पिंजरे लगाए गए थे। अब तेंदुए को पकड़ने के लिए छह नए पिंजरे लगाए जाएंगे। साथ ही ड्रोन से निगरानी और वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, पिंपलसुटी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ी हैं। खेतों में तेंदुए दिखाई देने और मवेशियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी इसी क्षेत्र में तेंदुए के हमले में एक बच्ची की मौत हुई थी। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
Created On :   22 July 2026 7:03 PM IST











