- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- बच्ची की मौत के बाद तेंदुए की तलाश...
Pune City News: बच्ची की मौत के बाद तेंदुए की तलाश तेज

भास्कर न्यूज, पुणे। शिरूर तहसील के पिंपलसुटी गांव में पांच साल की बच्ची की मौत के बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। तेंदुए की तलाश के लिए पिंजरे, कैमरा ट्रैप, ड्रोन और विशेष खोज टीमों की मदद ली जा रही है। साथ ही रात की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
बुधवार तड़के हुए हमले में भाग्यश्री संदीप वारे (5) की मौत हो गई थी। बच्ची गन्ना मजदूर परिवार से थी और अपने माता-पिता के साथ अस्थायी घर के पास बने मवेशियों के बाड़े में सो रही थी। रात करीब 2.45 बजे तेंदुआ बाड़े में घुसा और बच्ची को उठाकर ले गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के उप वन संरक्षक प्रशांत खड़े, सहायक वन संरक्षक स्मिता राजहंस और रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर नीलकंठ गव्हाणे ने मौके का निरीक्षण किया। वन विभाग ने घटनास्थल का पंचनामा कर बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए न्हावरे ग्रामीण अस्पताल भेजा।
अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के अनुसार तत्काल आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तेंदुए को पकड़ने के लिए इलाके में रणनीतिक स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। कैमरा ट्रैप के जरिए निगरानी की जा रही है और ड्रोन से पूरे क्षेत्र की जांच की जा रही है। वन कर्मियों की रात में गश्त भी बढ़ा दी गई है।
तेंदुए की सूचना देने के लिए वन विभाग ने टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 3033 जारी किया है। अधिकारियों ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तेंदुए को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं।
Created On :   22 July 2026 7:48 PM IST











