Rewa news: वाहन स्टैंड के प्रवेश द्वार पर बरसात जैसा नजारा

डिजिटल न्यूज़ रीवा
शहर के व्यस्ततम प्रकाश चौराहा के बगल में संचालित वाहन स्टैंड का प्रवेश द्वार इन दोनों गंदगी में तब्दील है। नवरात्रि पर्व के दौरान भी यहां पर सफाई की व्यवस्था नगर निगम प्रशासन द्वारा नहीं कराई जा रही। परिणाम स्वरूप इस मार्ग से पैदल आने जाने वाले लोगों को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ता है। इस संबंध में बताया गया है कि प्रकाश चौराहा के बगल में बने वाहन स्टैंड में आसपास के दुकानदारों और अन्य लोगों के वाहन खड़े किए जाते हैं। इसके लिए बाकायदा नगर निगम प्रशासन द्वारा प्रतिदिन शुल्क भी लिया जाता है। क्षेत्रीय दुकानदारों ने बताया कि एक तो वैसे भी वाहन स्टैंड स्थल गंदगी से पटा रहता है लेकिन प्रवेश द्वार पर गंदगी से आम लोग परेशान हो रहे हैं।
चाट ठेले का रहता है गंदा पानी
क्षेत्रीय दुकानदारों ने बताया कि गेट के बगल से ही चाट ठेले लगे रहते हैं ठेले का गंदा पानी प्रवेश द्वार पर पहुंचता है। यहां की जमीन बराबर ना होने से जल भराव की स्थिति बनती है। वाहन स्टैंड परिसर की ओर से भी कुछ गंदा पानी बहकर यहीं पर रुक जाता है। इसके चलते यहां अक्सर बरसात जैसा नजारा बना रहता है। प्रवेश द्वार पर रुक रहा पानी गंदगी में तब्दील हो जाता है। पैदल आने जाने वाले लोगों को इससे काफी दिक्कत होती है। यदि कोई दो पहिया या चार पहिया वाहन पानी के बीच से निकल जाते हैं तो गंदे पानी के छीटे पैदल चलने वाले लोगों के कपड़ों पर पड़ते हैं। इससे लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं।
हर समय व्यस्त रहता है मार्ग
वाहन स्टैंड प्रवेश द्वार के आगे स्वागत भवन बना हुआ है। इस मार्ग पर जहां सुबह से लेकर देर रात तक लोगों का का पैदल आना-जाना लगा रहता है। अधिकतर लोग वाहन स्टैंड के प्रवेश द्वार के सामने से ही गुजरते हैं और उन्हें इस गंदगी का सामना करना पड़ता है।
अन्य दुकानदार हो रहे प्रभावित
वाहन स्टैंड के सामने बातें गंदे पानी का प्रभाव अगल-बगल संचालित अन्य दुकानों पर पड़ रहा है. बताया गया है कि बगल में जूता चप्पल की दुकान संचालित है उसी के बगल में चाट ठेला भी लगता है। यहां पर लोगों का आना-जाना बना रहता है। ऐसे लोगों को इस गंदगी का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा इस गंदगी के प्रति कोई सार्थक पहल नहीं की जा रही।
Created On :  
