- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- करंट लगने से मेल हाथी की मौत
रीवा न्यूज: करंट लगने से मेल हाथी की मौत

डिजिटल डेस्क रीवा। रीवा-सीधी और मऊगंज जिले में 7 माह से घूम रहे दो हाथियों में से एक हाथी की करंट में फंसने से मौत हो गई। घटना मऊगंज जिले के मलकपुर गांव के कठौतिया टोला में बीती रात 2 बजे के आसपास की है। हाथी की मौत की सूचना मिलते ही सीसीएफ सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंंच गए। बताया गया है कि करंट लगने से उस हाथी की मौत हुई है, जिसमें कॉलर आईडी नहीं लगा था। जबकि कॉलर आईडी वाले हाथी की लोकेशन वन अमले के पास थी। जिसके माध्यम से वह इस हाथी की ट्रेकिंग कर रहा था। लेकिन रात में डेढ़ बजे के आसपास दोनों हाथी एक-दूसरे से अलग हो गए। बताया गया है कि इसमें से बिना कॉलर आईडी वाला हाथी कठौतिया टोला में एक पेड़ के पत्ते खाने गया। यहीं बिजली के पोल से तार एक ग्रामीण के घर तक गई थी, जो पेड़ से सटी थी। जैसे ही हाथी पत्ते खाने लगा वैसे ही उसके मुंह का संपर्क बिजली के तार से हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वन अमले को जब यह हाथी काफी देर तक नहीं दिखा तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई। सुबह चार बजे के आसपास यह हाथी कठौतिया टोला में एक घर के पास मृत हालत में मिला। बिजली की तार उसके शरीर से चिपकी हुई थी। । जानकारी मिलते ही मुख्य वन संरक्षक अनुराग कुमार, डीएफओ रीवा लोकेश निरापुरे, डीएफओ सीधी प्रीति अहिरवार, वन विकास निगम सीधी के संभागीय प्रबंधक राकेश कोड़ापे और बांधवगढ़ के फील्ड डायरेक्टर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मृत हाथी के शव का रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
Created On :   20 Sept 2026 1:44 PM IST












