- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- शहर में बाढ़ की समस्या बड़ी चुनौती,...
रीवा न्यूज: शहर में बाढ़ की समस्या बड़ी चुनौती, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से बनेगी कार्ययोजना. प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल

डिजिटल डेस्क रीवा। जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को सर्किट हाउस में आयोजित सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा के दौरान बीते माह रीवा शहर में आई बाढ़ को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाढ़ की समस्या को दूर करना बड़ी चुनौती है। इस समस्या को हल करने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ कार्य योजना बनाएं। नदी और शहर के बड़े नालों के प्रवाह को अवरूद्ध करने वाले अवैध निर्माणों को कठोरता से हटाएं। एनजीटी के प्रावधानों का पालन करते हुए नदियों और नालों के तटों के सभी अतिक्रमण हटाएं। नालों की साफ-सफाई और पक्का बनाने का कार्य भी प्राथमिकता से कराएं। इस संबंध में की गई कार्यवाही की अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्रीे ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों तक गरीबों और आमजनों की सेवा की है। इसका संदेश सेवा संकल्प अभियान जन-जन तक पहुंचाएगा। प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि अच्छे समन्वय के साथ अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रम में आंगनवाड़ी के बच्चों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। कार्यकर्ता तथा समाजसेवी आंगनवाड़ी के बच्चों को हर सप्ताह फल या अन्य कोई पोषक आहार देकर उनकी सेवा में योगदान कर सकते हैं। अभियान के तहत 7 अक्टूबर को सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों से सेवा कलश यात्रा शुरू होगी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा ने सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना तथा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी।बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बताया कि बाढ़ की समस्या को दूर करने तथा नालों के वाटर लो की निगरानी के लिए आईआईटी चेन्नई के विशेषज्ञों से सलाह लेकर कार्य योजना बनाई जा रही है। बैठक में विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी राज तथा विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से सेवा संकल्प अभियान के संबंध में चर्चा की।
Created On :   20 Sept 2026 2:03 PM IST












