Rewa news: सड़कों की खराब स्थिति पर निगम कमिश्नर ने जताई नाराजगी

सड़कों की खराब स्थिति पर निगम कमिश्नर ने जताई नाराजगी
सड़कों के सुधार कार्य के निर्देश

डिजिटल न्यूज़ रीवा

नगर पालिक निगम रीवा में निगम आयुक्त अक्षत जैन ने गुरुवार को निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संविदाकारों को भी बुलाया गया । बैठक में बरसात के बाद शहर की सड़कों की स्थिति, सड़क मरम्मत, अमृत योजना के कार्यों से प्रभावित सड़कों के रेस्टोरेशन तथा आगामी त्योहारों को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड में जिन सड़कों की स्थिति खराब हो गई है, उनकी मरम्मत एवं मेंटेनेंस का कार्य संबंधित संविदाकार तत्काल कराएं। अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि वर्तमान में लगभग 70 सड़क एवं नाली के कार्य डीएलपी में हैं। आयुक्त ने इन सभी कार्यों में बरसात के बाद खराब हुई सड़कों एवं गड्ढों वाले मार्गों को चिन्हित कर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि संविदाकार सड़क निर्माण के बाद उसे भूल जाते हैं, जबकि डीएलपी अवधि तक सड़क के रखरखाव एवं मेंटेनेंस की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संविदाकार की ही होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि में सड़क खराब होने पर मरम्मत कराना संविदाकार का दायित्व है। पूर्व में किए गए कार्य में यदि सड़क की स्थिति खराब हुई है तो उसका रिपेयर एवं रेस्टोरेशन तत्काल कराया जाए। कार्य में लापरवाही, गुणवत्ता में कमी अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत कार्य पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कुछ संविदाकारों के पास एक से अधिक कार्य

बैठक में यह बात सामने आई कि कुछ संविदाकारों के पास एक से अधिक कार्य हैं। इस पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे संविदाकार पैरेलल टीमें लगाकर अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्य कराएं, ताकि किसी भी कार्य में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया अक्टूबर माह में ही पूर्ण कर ली जाए।

Created On :   2 Oct 2026 3:16 PM IST

Tags

Next Story