Rewa News: युवा संसद विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका

डिजिटल डेस्क,रीवा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), मऊगंज द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रीवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद जनार्दन मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राजेंद्र मिश्रा, जिला अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, मऊगंज एवं डॉ. सोमदत्त पांडेय, प्राचार्य, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय शहीद केदारनाथ महाविद्यालय, मऊगंज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं ने माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सहभागिता की तथा ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार, तर्क एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को शिक्षा, कौशल, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण के साथ आगे आना होगा।
उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथियों ने भी युवाओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का प्रतिवेदन जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह गहरवार द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. आराधना मिश्रा, प्राचार्य, शासकीय महाविद्यालय, नईगढ़ी; डॉ. रजनीश त्रिपाठी, सहायक प्राध्यापक, शासकीय महाविद्यालय, देवतालाब; प्रो. अनवर खान, शासकीय महाविद्यालय, मऊगंज; डॉ. राघवेंद्र मिश्रा, सहायक प्राध्यापक, शासकीय महाविद्यालय, मऊगंज तथा डॉ. एन.डी. त्रिपाठी, शासकीय महाविद्यालय, मऊगंज उपस्थित रहे।
Created On :  
