Satna news: जिला अस्पताल के कंपाउंडर से 40 हजार की ठगी

पुरानी पहचान का झासा देकर कार सवार बदमाशों ने की जालसाजी

डिजिटल न्यूज़ सतना

बैंक से पैसे लेकर ड्यूटी पर जा रहे जिला अस्पताल के कंपाउंडर को जान-पहचान का झासा देकर कार सवार दो बदमाशों ने 40 हजार रुपए पार कर दिए। दिनदहाड़े यह वारदात सामने आते ही कोलगवां पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दिलीप कुमार पुत्र कौशल किशोर द्विवेदी 52 वर्ष, निवासी कृष्ण नगर, मंगलवार की दोपहर को ड्यूटी करने से पहले बस स्टैंड के पास स्थित स्टेट बैंक की मेन ब्रांच पहुंचे और अपने खाते से 40 हजार रुपए निकालकर पैंट की जेब में रख लिए। तकरीबन 12 बजे वह जैसे ही बैंक से बाहर निकले, तब रोड पर खड़ी कार में बैठे दो युवकों ने रोक लिया और पुरानी जान-पहचान का हवाला देकर चाय पिलाने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया।

सर्किट हाउस से बगहा बाइपास की तरफ भागे आरोपी ---

हालांकि दिलीप ने व्यस्तता का हवाला देते हुए साथ जाने से इंकार किया तो 100 मीटर दूर ही दोनों युवकों ने उन्हें कार से उतार दिया और सर्किट हाउस की तरफ चले गए, लेकिन जैसे ही उन्होंने अपनी जेब में हाथ डाला तो उनके होश उड़ गए। कुछ मिनट पहले ही निकाली गई रकम समेत पहले से जेब में मौजूद रुपए भी गायब हो चुके थे, तब पीडि़त को कार सवारों का खेल समझ में आया, लिहाजा वह तुरंत थाने पहुंचे, जहां उनकी शिकायत पर पुलिस ने घटना स्थल समेत स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम के जरिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो वारदात के बाद कार सर्किट हाउस-सिविल लाइन से कोठी रोड होकर संतनगर बगहा में बाइपास से राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाती दिखाई दी, इसके बाद से कोई लोकेशन नहीं मिली।

कार पर दूसरी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर ---

कैमरे में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर भी दिखा, मगर जब पुलिस टीम ने आरटीओ के पोर्टल पर सर्च किया तो उक्त नंबर इंदौर में पंजीकृत क्रेटा कार का निकला, जबकि जालसाज स्विफ्ट डिजायर में सवार थे। ऐसे में अब स्पष्ट हो गया कि पूरी प्लानिंग के साथ बैंक के बाहर रेकी कर रहे थे। बदमाशों के चित्रकूट, रीवा अथवा पन्ना की तरफ भागने की आशंका पर तीनों जगह की पुलिस को अलर्ट किया गया है।

Created On :   16 Sept 2026 1:46 PM IST

Tags

Next Story