Satna news: 14 हजार के नशीले सिरप समेत 2 बंदी

14 हजार के नशीले सिरप समेत 2 बंदी
पति-पत्नी के विवाद से मिले सुराग पर पुलिस ने की छापामार कार्रवाई

डिजिटल न्यूज़ सतना

अमरपाटन कस्बे में पति-पत्नी के बीच विवाद से मिले सुराग पर पुलिस ने मेडिकल नशे की तस्करी और बिक्री का खुलासा कर 72 शीशी कफ-सिरप जब्त कर 2 आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार की शाम को मोहम्मद सफीक उर्फ लाला पुत्र मोहम्मद शब्बीर 28 वर्ष, निवासी साई टोला-पुरानी बस्ती अमरपाटन और उसकी पत्नी के बीच विवाद की शिकायत मिलने पर जांच प्रारंभ की गई, तभी पता चला कि शफीक मेडिकल नशे के गोरखधंधे में लिप्त है, लिहाजा घर में दबिश देकर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 14 हजार 4 सौ रुपए का 72 शीशी नशीला सिरप बरामद हो गया।

सप्लायर का नाम किया उजागर ---

आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने राहुल खटिक पुत्र अशोक कुमार 28 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती रामनगर रोड, के साथ मिलकर अतुल पटेल निवासी कटिया खुर्द, थाना देहात से नशीला सिरप खरीदकर फुटकर बिक्री करने का खुलासा कर दिया, जिस पर राहुल को भी पकड़ लिया गया, मगर सप्लायर गिरफ्त में नहीं आया, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत कायमी की गई है। रविवार दोपहर को पकड़े गए दो आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। दोनों के कब्जे से 20 हजार के 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

Created On :   14 Sept 2026 4:37 PM IST

Tags

Next Story