Satna news: ब्रांडेड की आड़ में नकली शराब की होम डिलेवरी का भंड़ाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 2 बंदी

ब्रांडेड की आड़ में नकली शराब की होम डिलेवरी का भंड़ाफोड़, मास्टरमाइंड समेत 2 बंदी
फोन पर आर्डर, एजेंटों के जरिए सप्लाई

डिजिटल न्यूज़ सतना

फोन पर आर्डर लेकर ब्रांडेड शराब मार्केट से कम रेट पर होम डिलेवरी करने वाले रैकेट का भंडाफोड कर आबकारी अमले ने मास्टरमाइंड समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर नकली शराब का रैकेट चलाने का भी संदेह जताया जा रहा है। फिलहाल दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। सहायक आबकारी आयुक्त एसके उरांव ने बताया कि शहर में फोन पर आर्डर लेकर एजेंटों के जरिए ब्रांडेड की आड़ में नकली शराब खपाने के साथ होम डिलेरी का रैकेट चलाए जाने की शिकायत मिलने पर गोपनीय तरीके से जांच-पड़ताल प्रारंभ की गई।

पहले एजेंट, फिर सरगना को उठाया ---

इसी बीच 9 सितंबर को सर्किल क्रमांक-1 के प्रभारी आशीष वाटिया ने अपने संपर्कों के जरिए रैकेट के जुड़े एजेंट से ब्रांडेड कंपनी की शराब मंगाई, लेकिन जब उसकी जांच की गई तो बोतल के पैकिंग में छेड़छाड़ और मदिरा में गड़बड़ी सामने आई, लिहाजा अग्रिम जांच के लिए लैब भेज दिया गया, तो वहीं मुख्य आरोपी को पकडऩे की रणनीति बनाते हुए सोमवार की शाम को एक बार फिर जाल बिछाया गया। इस बार रैकेट के मास्टरमाइंड जितेन्द्र कुमार उर्फ रवि साहू 38 वर्ष, निवासी घूरडांग, को फोन पर ब्रांडेड मदिरा का आर्डर दिया गया, तो उसने अपने एजेंट सुनील कुशवाहा 23 वर्ष, के जरिए डिलेवरी भिजवाई, जिस पर पहले से सिविल डे्रस में अलर्ट टीम ने एजेंट को पकड़ लिया और उससे मिले सुराग पर घूरडांग में दबिश देते हुए जितेन्द्र को भी पकड़ लिया। हालांकि किसी तरह कार्रवाई की भनक लगने पर अपने घर में रखी अवैध मदिरा समेत फोन को खुर्द-बुर्द कर दिया था।

कायमी कर भेजा जेल, अब नेटवर्क तोडऩे पर जोर ---

जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं मिलावटी व जहरीली शराब के व्यापार पर धारा 49(क) में कायमी कर मंगलवार सुबह दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भे दिया गया। इसी के साथ रैकेट में शामिल दूसरे आरोपियों, अवैध शराब की रिफिलिंग के अड्डों और सप्लाई चेन को बेनकाब करने की दिशा में आबकारी टीम ने ताकत झोंक दी है। उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीलेश गुप्ता, संजय साकेत, मुख्य आरक्षक राजकरण त्रिपाठी, मंगलदीन कोल, शंकर दयाल प्रजापति, आरक्षक आशुतोष तिवारी और अमृता उरमलिया ने अहम भूमिका निभाई।

Created On :   16 Sept 2026 1:03 PM IST

Tags

Next Story