- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- हाइवे पर हादसा, आपस में भिड़े 4...
Satna news: हाइवे पर हादसा, आपस में भिड़े 4 वाहन, 3 की हालत गंभीर

डिजिटल न्यूज़ सतना
मैहर कोतवाली क्षेत्र में नरौरा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक के बाद एक 4 वाहन आपस में टकरा गए, जिससे बुजुर्ग समेत 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की रात को तकरीबन 8 बजे एक ट्रक धीमी रफ्तार में हाइवे से गुजर रहा था, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक से भिड़ गई। उसके ठीक पीछे चल रही कार बेकाबू होकर बस में घुस गई, तो सबसे पीछे आ रहे ट्रक ने कार को ठोक दिया।
प्रयागराज से लौट रहे थे कार सवार ---
इस हादसे में दोनों ट्रक और बस के चालक-परिचालक एवं यात्री तो बाल-बाल बच गए, मगर प्रयागराज में पितृ तर्पण कर जबलपुर लौट रहे प्रकाश पुत्र मोहन लाल पटेल 67 वर्ष, उनका बेटा संजय पटेल 47 वर्ष और दामाद नितिन पुत्र संतोष पटेल 34 वर्ष, समेत 5 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची हाइवे एंबुलेंस और पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पिता-पुत्र और दामाद को गंभीर स्थिति के चलते भर्ती कर लिया गया। दुर्घटना के चलते हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसको देखते हुए पुलिस ने क्रेन के जरिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और जाम खुलवाकर आवागमन बहाल कराया।
Created On :   2 Oct 2026 1:17 PM IST












