- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- संपत्ति के विवाद में अधेड़ पर हमला,...
Satna news: संपत्ति के विवाद में अधेड़ पर हमला, ग्राइंडर मशीन से हाथ काटने की कोशिश

डिजिटल न्यूज़ सतना
नागौद कस्बे में पुश्तैनी मकान पर कब्जे के विवाद में महिला ने दो बेटों के साथ मिलकर पति पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुन्ना सोनी पुत्र सियाराम सोनी 55 वर्ष, निवासी पुरानी कोतवाली के पास नागौद, बीते लगभग दो दशक से आपसी मनमुटाव के चलते पत्नी, बेटी और दो बेटों से अलग रहकर जीवनयापन कर रहा है, उनके बीच पुश्तैनी मकान पर कब्जे को लेकर विवाद भी जारी है। गुरुवार की शाम को जब मुन्ना किसी काम से बाहर गया था, तभी पत्नी चंद्रलता अवधिया ने दो बेटों के साथ पुरानी कोतवाली के पास जाकर मकान पर कब्जे के इरादे से ग्राइंडर मशीन से ताला काटने का प्रयास किया, तभी खबर लगते ही मुन्ना ने मौके पर जाकर विरोध शुरू कर दिया, जिससे भडक़े आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए ग्राइंडर से हमला कर दिया, जिससे अधेड़ का एक हाथ लगभग आधा कट गया।
नागौद से किया सतना रेफर ---
हल्ला-गुहार होने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और पीडि़त को आनन-फानन सिविल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सतना रेफर कर दिया, तो वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताया गया है कि एक माह पहले भी जमकर विवाद हुआ था, जिसमें दोनों तरफ से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
Created On :   2 Oct 2026 1:26 PM IST












